Kanpur Murder: हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार, जानिए किसका बताया नाम

Kanpur Zone UP

(www.arya-tv.com) कानपुर में बर्रा-2 की ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में सोमवार रात हुए दंपती हत्याकांड के मामले में मुख्य साजिशकर्ता सैन्यकर्मी राहलु उत्तम को क्राइम ब्रांच की टीम ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने सैन्य अफसरों के सामने अपना गुनाह कबूल करते हुए कहा कि जिसके कहने पर साजिश रची उसी ने ही धोखा दिया। क्राइम ब्रांच की टीम उसे ट्रेन के जरिये शहर के लिए रवाना हो गई।

पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीणा ने बताया कि मुन्ना लाल उत्तम (60) और उनकी पत्नी राजदेवी (55) की गला रेतकर हत्या उनकी गोद ली हुई बेटी कोमल और उसके एक प्रेमी रोहित उत्तम ने की थी। साजिश का मास्टरमाइंड गोवा में मिलिट्री इंटेलीजेंस में असिस्टेंट एंबुलेंस ऑपरेटर राहुल उत्तम है। वह रोहित का सगा भाई भी है। राहलु ही व्हाट्सएप कॉल के जरिये दोनों को वारदात की रात दिशा निर्देश दे रहा था।

सैन्य अफसरों ने गोवा से बुलाया था मुंबई

पुलिस कमिश्नर ने सुबूतों और सर्विलांस रिपोर्ट के साथ मुंबई स्थित सैन्य मुख्यालय में राहुल के संबंध में एक मेल पहले ही भेज दी थी, जिसको पढ़ने के बाद सैन्य अफसरों ने राहुल को निगरानी के साथ गोवा से मुंबई बुलाया और कब्जे में ले लिया। पुलिस टीम ने जब सैन्य अफसरों के सामने साजिश के सुबूत पेश किए तो राहुल ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। क्राइम ब्रांच की टीम उसे गिरफ्तार कर कानपुर के लिए रवाना हो गई।