सरोजनीनगर के सभी वृद्धजनों को रामलला के दर्शन कराना मेरा सपना, संकल्प एवं लक्ष्य : डॉ. राजेश्वर सिंह

Lucknow
  • सरोजनीनगर : ग्राम बेंती से रवाना हुई नौंवी ‘रामरथ-श्रवण अयोध्या यात्रा’, वृद्धजनों को करवाए रामलला के दर्शन

लखनऊ। वृद्धजनों को तीर्थयात्रा कराना ईश्वर की आराधना से कम नहीं है। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह नि:शुल्क ‘रामरथ-श्रवण अयोध्या यात्रा’ के माध्यम से वृद्धजनों को नियमित तौर पर तीर्थयात्रा करवा रहे हैं तथा उनका स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।

इसी क्रम में शुक्रवार को ‘रामरथ-श्रवण अयोध्या यात्रा’ नौंवी बार ग्राम बेंती से संचालित की गई। जय श्री राम के जयकारे के साथ यात्रा का शुभारंभ हुआ। पूरे सफर में श्रद्धालुओं के लिए खाने-पीने की व्यवस्था से लेकर अन्य आवश्यक सुविधाओं के प्रबंध किए गए। अयोध्या पहुंच श्रद्धालुओं ने रामलला के दिव्य स्वरूप के दर्शन किए। यात्रा के अंत में श्रद्धालुओं को रामचरितमानस की प्रति भेंट स्वरुप दी गई। पूरे सफर के दौरान वालंटियर्स ने सभी का ख्याल रखा तथा उन्हें सफर के दौरान किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी। जनता अपने विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की इस विशेष पहल की खूब सराहना कर रही है।

बता दें कि ‘रामरथ-श्रवण अयोध्या यात्रा’ हेतु चलने वाली बसें नियमित अंतराल पर सरोजनीनगर के वृद्धजनों व महिलाओं को ले जाकर निःशुल्क अयोध्या दर्शन करवाती है जिसका पूर्णतया व्यय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा किया जाता है। इसमें क्षेत्र के वृद्धजनों को घर से लाने-ले जाने की भी सुविधा रहती है। इससे पहले जैती खेड़ा, पिपरसंड, हाइडल चौराहा वृद्धाश्रम, कृष्णा लोक कॉलोनी, हसनपुर खेवली, खुर्रमपुर, नानमऊ और खटोला से श्रद्धालुओं को ले जाकर अयोध्या दर्शन करवाया जा चुका है।

इस बारे में डॉ. राजेश्वर सिंह कहना है कि वृद्धजनों की सेवा मेरा दायित्व है और उन्हें तीर्थ यात्रा करवाना सौभाग्य है। रामलला के दर्शन करते हुए वरिष्ठजनों के चेहरे की खुशी और संतुष्टि देखकर मैं धन्य हो जाता हूं। क्षेत्रवासियों को अयोध्या दर्शन करवाने के लिए ‘रामरथ-श्रवण अयोध्या यात्रा’ निरंतर जारी रहेगी।