दिसंबर-2023 तक पूरा होगा राम पथ का निर्माण; 20% काम पूरा

# ## UP

(www.arya-tv.com) श्री राम जन्मभूमि परिसर में बन रहे भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। इसके साथ ही राम मंदिर को जोड़ने वाले तीन सड़कों पर भी कार्य तेजी से चल रहा है। जन्मभूमि पथ का काम अंतिम चरण में है, तो वहीं भक्ति पथ अगस्त तक बनकर तैयार हो जाएगा। सबसे महत्वपूर्ण माने जाने वाले राम पथ का निर्माण भी तय समय से पहले दिसंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा। इसकी डेडलाइन अप्रैल 2024 थी, जिसे अब घटकर दिसंबर कर दिया गया था। यानी राम मंदिर के उद्घाटन से पहले तीनों पथों का निर्माण कार्य पूरा कर दिया जाएगा।

राम पथ का 20 प्रतिशत काम पूरा

अयोध्या नयाघाट से सहादतगंज तक करीब 13 किलो मीटर राम पथ के चौड़ीकरण का काम चल रहा है। अधिकारियों का दावा है कि करीब 20 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। राम पथ का निर्माण दो फेस में किया जा रहा है। प्रथम फेज में डक्ट पाइप लाइन वाटर और सीवर का निर्माण चल रहा है। एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि यूटिलिटी डक्ट का निर्माण हर हालत में 30 जून तक पूरा हो जाएगा।

राम पथ में आने वाले पेड़ों के सर्वे का काम पूरा

एडीएम के मुताबिक राम पथ का रि-सर्वे शुरू हो गया है। कार्यदाई संस्था व पीडब्ल्यूडी टीम सर्वे कर रही है। यह सर्वे राम पथ की जद में आ रहे पेड़ों का हो रहा है। ज्यादा से ज्यादा पेड़ों को बचाने का प्रयास, जो सड़क के बीच में या दुर्घटना का सबब बन सकते हैं, उन्हीं पेड़ों को काटा जाएगा। सर्वे में 50 पेड़ों को बचाया गया। 20 से 25 पेड़ काटे जाएंगे। काटने वाले पेड़ को चिन्हित किया जा रहा है।

1 जुलाई से शुरू होगा दूसरे फेज का कार्य

एडीएम के मुताबिक पहले चरण का कार्य 30 जून तक पूरा कर लिया जाएगा। इसमें डक्स और स्टांम वाटर का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद दूसरे फेज का कार्य शुरु होगा। जिसमें सड़क निर्माण का कार्य किया जाएगा। जो अक्टूबर तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद फुटपाथ और अन्य कार्य किए जाएगें।

राम जन्मभूमि पथ का कार्य अंतिम चरण में

राम जन्मभूमि से लेकर बिरला धर्मशाला तक 566 लंबा रामजन्मभूमि पथ का निर्माण कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। मार्ग पर लाल संगमरमर के पत्थर लगाने का कार्य चल रहा है। रामजन्म भूमि पथ की चौड़ाई 30 मीटर है। इसके बाद नागरिक सुविधाओं को विकसित किया जाएगा।

भक्ति पथ अगस्त तक बनकर होगा तैयार

राम नगरी में हनुमान गढ़ी को जोड़ते हुए राम जन्मभूमि तक भक्ति पथ का निर्माण चल रहा है। जिसका निर्माण 30 अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा। इस मार्ग पर 700 मीटर का कोरीडोर भी बनाया जा रहा है। भक्ति पथ की चौड़ाई 14 मीटर ही है।