IPL: शिवम दुबे के गलत थ्रो पर एमएस धोनी भड़क, सुपर किंग्स 6 विकेट खोकर 170 रन ही बना पाए

Game

(www.arya-tv.com) इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में गुरुवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी रॉयल्स ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 202 रन बनाए। जवाब में सुपर किंग्स 6 विकेट खोकर 170 रन ही बना सकी।

मैच में शिवम दुबे के गलत थ्रो पर एमएस धोनी भड़क गए। वहीं, 41 साल के धोनी की कीपिंग के दौरान 20 साल के युवा जैसी फुर्ती भी देखने को मिली।

राजस्थान रॉयल्स की पारी के दौरान चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की कीपिंग के समय 20 साल जैसे युवा की फुर्ती देखने को मिली। 41 साल के हो चुके धोनी ने विकेट के पीछे गेंद पकड़कर इतनी तेजी से विकेट पर थ्रो किया। गेंद सीधे विकेट पर लगी और जुरेल को पवेलियन जाना पड़ा। दरअसल राजस्थान की पारी के दौरान आखिरी ओवर मथीसा पथिराना कर रहे थे।

ओवर की चौथी गेंद 151.4 किलोमीटर प्रति घंटी की रफ्तार से थी। यह गेंद यॉर्कर वाइड थी। स्ट्राइक पर देवदत्त पड्डीकल थे। गेंद पीछे चली गई। धोनी ने इसे पकड़ लिया। वहीं नॉन स्ट्राइक पर खड़े जुरेल रन के लिए दौड़ पड़े। पड्‌डीकल को लगा कि जुरेल पहुंच जाएंगे। वह भी दौड़ लिए। जब तक स्ट्राइक पर जुरेल पहुंचते धोनी ने थ्रो कर दिया। गेंद सीधे विकेट पर लगी। जिसकी वजह से जुरेल को रन आउट होना पड़। उन्होंने 15 गेंदों पर तेजी से 34 रन बनाए।

राजस्थान के युजवेंद्र चहल ने ऋतुराज गायकवाड का आसान सा कैच छोड़ दिया। दूसरी पारी में कुलदीप यादव बॉलिंग कर रहे थे। उन्होंने दूसरे ओवर की पांचवी बॉल शॉर्ट पिच फेंकी, इस पर गायकवाड ने शॉट थर्ड मैन की दिशा में शॉट खेला। बॉल हवा में थी, तभी चहल दौड़ते हुए बॉल को पकड़ने आए। गेंद चहल के हाथ में आते ही फिसल गई और उनका आसान कैच छूट गया। गायकवाड ने इसके बाद 47 रन की पारी खेली।

राजस्थान के यशस्वी जायसवाल ने मैच के दौरान गायकवाड की मदद की। मैच में दूसरी पारी के दौरान गायकवाड बैटिंग कर रहे थे। बल्लेबाजी के दौरान उनके जूते की लेस खुल गई। ऐसे में जायसवाल आए और उन्होंने लेस बांधने में गायकवाड की मदद की।

पहली पारी में आठवें ओवर की चौथी बॉल पर महीश तीक्षणा ने जोस बटलर और महेंद्र सिंह धोनी को अपनी स्पिन से चौंका दिया। बटलर बल्लेबाजी कर रहे थे। तीक्षणा ने शानदार बॉलिंग करते हुए ऑफ ब्रेक गेंद फेंकी, बॉल इतनी स्पिन हुई कि बटलर बीट हो गए।

विकेट के पीछे खड़े धोनी भी गेंद को भांप नहीं सके और बॉल बॉउंड्री की ओर चली गई। हालांकि, धोनी ने चौके के बाद भी ताली बजाते हुए तीक्षणा की गेंद की तारीफ की।

शिवम दुबे के गलत थ्रो पर एमएस धोनी गुस्सा हो गए। मैच की आखिरी बॉल पर देवदत्त पड्डीकल ने लेग साइड पर शॉट खेला। शिवम दुबे दौड़ते हुए गए और धोनी की तरफ थ्रो फेंकना चाहा, लेकिन थ्रो पिच के बीच जा गिरा। इस पर धोनी भड़क गए। अगर थ्रो स्टंप्स की ओर आता तो चेन्नई को विकेट भी मिल सकता था।