(www.arya-tv.com) इस्तांबुल जाने वाली इंडिगो एयरलाइन की एक फ्लाइट तकनीकी खराबी के कारण 16 घंटे से मुंबई एयरपोर्ट पर फंसी है। इससे करीब 100 पैसेंजर मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फंस गए।
एयरलाइन ने माफी मांगते हुए कहा कि दूसरे एयरक्राफ्ट की व्यवस्था कर ली गई है। फ्लाइट रात 11:00 बजे उड़ान भरेगी। फ्लाइट 6E17 को सुबह 6:55 बजे तुर्किये के शहर इस्तांबुल रवाना होना था।
सूत्रों के मुताबिक फ्लाइट तीन बार लेट हुई। पैसेंजर्स को प्लेन में चढ़ने और उतरने के लिए कहा गया। इसके बाद पैसेंजर्स ने किराया वापस करने या दूसरे प्लेन की व्यवस्था करने की मांग की।
एयरलाइन पर दबाव बनाने के लिए पैसेंजर्स ने सोशल मीडिया का भी सहारा लिया। पैसेंजर्स ने स्टाफ के खराब व्यवहार और सही जानकारी न देने के भी आरोप लगाए।
मुंबई-दोहा इंडिगो फ्लाइट 6 घंटे देरी के बाद कैंसिल
करीब 3 महीने पहले मुंबई से दोहा जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6 घंटे लेट होने के बाद कैंसिल कर दी गई। फ्लाइट में करीब 300 यात्री सवार थे। वे फ्लाइट में ही 6 घंटे तक इंतजार करते रहे।
इमिग्रेशन खत्म होने की वजह से उन्हें उतरने नहीं दिया गया। पैसेंजर्स का गुस्सा बढ़ने के बाद क्रू मेंबर्स ने उन्हें उतरने दिया गया। बाद में तकनीकी खराबी के कारण फ्लाइट कैंसिल कर दी गई।
एक यात्री ने दावा किया, “जब हम फ्लाइट में इंतजार कर रहे थे, इस दौरान पानी और खाना तक नहीं मिला।” हालांकि, इंडिगो ने कहा कि पैसेंजर्स को तुरंत रिफ्रेशमेंट दिया गया था।
दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट के पैसेंजर्स ने हंगामा किया
इससे पहले सितंबर में दिल्ली एयरपोर्ट पर को स्पाइसजेट के पैसेंजर्स ने हंगामा किया था। दिल्ली से दरभंगा जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट बोर्डिंग से ठीक 5 मिनट पहले रद्द कर दी गई।
इसके बाद टर्मिनल 3 पर गेट नंबर 62 के सामने बोर्डिंग का इंतजार कर रहे पैसेंजर्स ने हंगामा शुरू कर दिया। पैसेंजर्स ने आरोप लगाया कि एयरलाइन पिछले कुछ महीनों से लगातार दिल्ली-दरभंगा रूट पर उड़ानें रद्द कर रही है।