लंदन में भारतीय प्रवासियों का BBC मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन:मोदी पर बनी डॉक्यूमेंट्री का विरोध

# ## International

(www.arya-tv.com) ब्रिटेन में रह रहे भारतीय प्रवासियों ने लंदन में BBC के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए। बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बनी BBC की डॉक्यूमेंट्री का विरोध करने के लिए BBC मुख्यालय के बाहर इकट्ठे हुए। ये लोग तिरंगा और पोस्टर लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे थे।

लोगों को पोस्टर के माध्यम से प्रदर्शन में शामिल होने के लिए बुलाया गया। लंदन में रहने वाले अदित कोठारी ने बताया- ब्रिटेन में रहने वाले भारतीय BBC की पीएम मोदी पर बनी डॉक्यूमेंट्री को लेकर गुस्से में हैं। इस डॉक्यूमेंट्री के जरिए BBC ने हिंदू-विरोधी और भारत-विरोधी एजेंडे को चलाने की कोशिश की है।

पीएम मोदी ने मुस्लिमों के लिए सबसे ज्यादा काम किया: प्रदर्शनकारी
प्रदर्शन में शामिल एक व्यक्ति ने कहा- डॉक्यूमेंट्री में दिखाया गया है कि पीएम मोदी की सरकार में मुस्लिम समुदाय के साथ भेदभाव होता है। यह पूरी तरह से गलत है। पीएम मोदी ने मुस्लिमों के लिए इतना काम किया है जितना किसी और नेता ने नहीं किया। BBC की डॉक्यूमेंट्री झूठ पर आधारित है। पीएम मोदी ने मुस्लिम महिलाओं के भले के लिए ट्रिपल तलाक पर रोक लगाई है। पीएम मोदी के राज में किसी भी समुदाय के साथ भेदभाव नहीं होता है।

कैलिफोर्निया में भी हुए प्रदर्शन
भारतीय प्रवासियों ने शनिवार को अमेरिका के कैलिफोर्निया में भी BBC के खिलाफ प्रोटेस्ट किया था। इंडियन डायस्पोरा के बैनर तले 50 से ज्यादा लोगों ने सैन फ्रांसिस्को के फ्रीमोंट शहर की गलियों में रैली निकाली। इस दौरान उन्होंने ‘बायस्ड BBC और नस्लीय BBC’ जैसे नारे भी लगाए। उन्होंने कहा कि वे BBC की पक्षपात करने वाली डॉक्यूमेंट्री को खारिज करते हैं।

BBC को बताया बोगस ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन
मार्च के दौरान लोग तख्तियां लेकर चल रहे थे, जिनपर BBC को बोगस ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन बताया गया था। दूसरी तख्तियों पर लिखा था- डॉक्यूमेंट्री झूठा एजेंडा चला रही है। BBC फेक न्यूज फैला रही है।

17 जनवरी को डॉक्यूमेंट्री का पहला एपिसोड टेलिकास्ट हुआ
BBC ने 17 जनवरी को गुजरात दंगों पर बनी डॉक्यूमेंट्री द मोदी क्वेश्चन का पहला एपिसोड यूट्यूब पर रिलीज किया था। इसमें 2002 में गुजरात में हुए दंगों में तत्कालीन मुख्यमंत्री मोदी की भूमिका होने का दावा किया गया था। दूसरा एपिसोड 24 जनवरी को रिलीज होना था। इससे पहले ही केंद्र सरकार ने पहले एपिसोड को यूट्यूब से हटा दिया था।