आगरा एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए बढ़ रहीं सुविधाएं, जानें किन सुविधाओं को कराया जाएगा उपलब्ध

Agra Zone

(www.arya-tv.com) ताजनगरी में हवाई सेवा को पंख लग रहे हैं। बीते तीन साल में जनवरी में न सिर्फ फ्लाइटों की संख्या बढ़ी है बल्कि तीन गुने से अधिक यात्री भी हो गए। इस साल जनवरी में खेरिया हवाई अड्डे से 114 फ्लाइटों का संचालन हुआ। इनमें 5,308 यात्रियों ने सफर किया। जबकि जनवरी 2020 में 68 फ्लाइटें चलीं। इनमें 1,503 यात्रियों ने सफर किया। बीते दिसंबर में भी आठ हजार से अधिक यात्रियों ने खेरिया हवाई अड्डे से सफर किया। जोकि पिछले तीन सालों के दिसंबर में सबसे अधिक यात्रियों का ग्राफ रहा।

एयरपोर्ट अथोरिटी आफ इंडिया ने हाल ही में जनवरी माह की अपनी रिपोर्ट जारी की है। उसके अनुसार, जनवरी में ताजनगरी में पिछले तीन सालों में फ्लाइट से सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। वर्तमान में आगरा से देश के चार प्रमुख शहरों (मुंबई, बेंगलुरु, भोपाल व लखनऊ) के बीच फ्लाइटों का संचालन हो रहा है। हालांकि इनमें से किसी भी शहर के लिए प्रतिदिन हवाई सेवा फिलहाल उपलब्ध नहीं है। सप्ताह के अलग-अलग दिनों इनका संचालन हो रहा है। अहमदाबाद फ्लाइट वर्तमान में स्थगित चल रही है। अप्रैल में इसके पुन: संचालन की संभावना है।

जनवरी में फ्लाइटों की स्थिति

वर्ष           फ्लाइट            यात्री

2022       114            5,308

2021       08             83

2020       68             1,503

दिसंबर में फ्लाइटों की स्थिति

वर्ष        फ्लाइट      यात्री

2021     100       8,625

2020     10         173

2019      64        821

इन दिनों उपलब्ध हैं फ्लाइट

  • आगरा-मुंबई फ्लाइट- सोमवार, बुधवार, शुक्रवार।
  • आगरा-बेंगलुरु फ्लाइट- मंगलवार, गुरुवार, शनिवार।
  • आगरा-भोपाल फ्लाइट- सोमवार, बुधवार, शुक्रवार, रविवार।
  • आगरा-लखनऊ फ्लाइट- मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार।

पुरानी बसें हटीं, इलेक्ट्रिक बसें आईं

अर्जुन नगर गेट से खेरिया हवाई अड्डे तक यात्रियों को ले जाने और छोड़ने के लिए लगाई गईं पुरानी खटारा बसों को हटा दिया गया है। इनके स्थान पर तीन नई इलेक्ट्रिक बसें लगाई गई हैं। शुक्रवार से इनका संचालन शुरू हो गया है। इन बसों में पुरानी बसों की अपेक्षा सीटें कम हैं। इसके चलते इन्हें एक-दो फेरे ज्यादा लगाने पड़ रहे हैं।

पुन: शुरू हुई मुंबई फ्लाइट शुक्रवार को खेरिया हवाई अड्डे पर पहुंची। इसमें 260 से अधिक यात्रियों ने सफर किया। दूसरे दिन भी इसमें यात्रियों की संख्या काफी अधिक रही। मुंबई के साथ ही पुणे और महाराष्ट्र के दूसरे शहरों में आने-जाने के लिए काफी लोग इस फ्लाइट का उपयोग कर रहे हैं।

आगरा ही नहीं, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, हाथरस, धौलपुर, भरतपुर के लोगों के लिए यह फ्लाइट काफी उपयोगी साबित हो रही है। खेरिया हवाई अड्डे से अर्जुन नगर गेट तक इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो गया है। पुरानी बसों को हटा दिया गया है।