हापुड़ से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने शादी और रिश्तों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए है. बता दें, 25 जून 2026 को धूमधाम से हुई शादी की पहली रात ही दुल्हन ने जो कहा उसे सुनकर दूल्हे के पैरों तले जमीन खिसक गई. वहीं मामला बढ़ने के बाद दोनों परिवारों की समझदारी और पुलिस की मदद से इसे बिना किसी हंगामे के सुलझा लिया गया, लेकिन अब यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. क्या है पूरा मामला चलिए जानते है.
सुहागरात पर किया बड़ा खुलासा
जानकारी के अनुसार, युवक और युवती की शादी के सभी रीति-रिवाज से हुई थी और सब कुछ सामान्य लग रहा था. लेकिन सुहागरात को दुल्हन ने पति से साफ-साफ कह दिया कि वह किसी दूसरे युवक से प्यार करती है. उसने यहां तक कहा कि “मुझे छुआ तो हत्या कर दूंगी, मैं किसी और की अमानत हूं” और उसके साथ वैवाहिक जीवन नहीं बिताना चाहती.
हालांकि इस दौरान दूल्हे ने गुस्सा या झगड़े की जगह संयम दिखाया. अगली सुबह उसने घरवालों को पूरी बात बताई. इसके बाद दोनों तरफ के परिवार बैठे और दुल्हन को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वह अपने फैसले पर अडिग रही.
तीन दिन बाद प्रेमी को बुलाया गया
परिवारों ने कई बार बातचीत की और जब कोई बीच का रास्ता नहीं निकला तो 28 जून को दोनों पक्षों की रजामंदी से दुल्हन के प्रेमी को बुलाया गया. उसी दिन युवती अपनी मर्जी से उसके साथ चली गई. ताकि आगे चलकर कोई कानूनी दिक्कत न हो, दूल्हे और उसके पिता ने महिला थाने जाकर लिखित शिकायत भी दी. उनका मकसद सिर्फ इतना था कि मामला कागजों पर दर्ज हो जाए और भविष्य में कोई विवाद न खड़ा हो.
महिला थाने में हुआ शांतिपूर्ण निस्तारण
महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरुणा राय के मुताबिक, शिकायत में कहा गया था कि शादी के बाद भी युवती पति के साथ नहीं रहना चाहती क्योंकि वह किसी और से प्रेम करती है. दोनों पक्षों को थाने बुलाकर उनकी बात सुनी गई. चूंकि दोनों परिवार सहमत थे, इसलिए मामले का निपटारा आपसी सहमति से कराया गया.
पुलिस ने बताया कि इस पूरे मामले में किसी ने भी दूसरे पक्ष पर मारपीट, दहेज या धोखाधड़ी जैसे आपराधिक आरोप नहीं लगाए हैं. इस वजह से कोई केस दर्ज नहीं किया गया. अधिकारी के अनुसार विवाद पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से खत्म हो चुका है. लेकिन मामला खत्म होने के बाद भी यह अभी भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
