गोरखपुर में गोली लगने से महिला की मौत:पति बोला- लड़ाई के बाद लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद मार ली गोली

# ## Gorakhpur Zone

(www.arya-tv.com)  गोरखपुर में एक महिला की गोली लगने से संदिग्ध हालत में मौत हो गई। महिला के कनपटी पर गोली उसके घर में ही लगी। वहीं, इस घटना के बाद आसपास के लोगों ने पति पर ही पत्नी की हत्या का आरोप लगाया है। जबकि, पति का कहना है कि आपसी विवाद के बाद नाराज होकर पत्नी ने घर में रखा लाइसेंसी रिवाल्वर निकाल लिया और खुद अपनी कनपटी पर गोली मारकर सुसाइड कर लिया।

घटना चिलुआताल इलाके के काजीपुर गांव की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से सेंपल लिए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पति-पत्नी में अक्सर होता था विवाद
SP नार्थ मनोज कुमार अवस्थी ने बताया, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। आज सुबह भी दोनों के बीच विवाद हुआ। जिसके बाद महिला की घर में ही गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस हत्या और सुसाइड दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। महिला के मायके वालों को सूचना दे दी गई है, वो लोग कुछ देर में पहुंच रहे हैं। अगर मायके वालों की तरफ से कोई तहरीर मिलती है तो केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

11 साल पहले हुई थी शादी
हरपुरबुदहट इलाके के बिसरिया गांव की रहने वाली कनकलता (35) की शादी 11 साल पहले चिलुआताल इलाके के काजीपुर गांव में रुपेश सिंह से हुई थी। दोनों के दो बेटे हैं। एक 8 साल और दूसरा 9 साल बेटा है। रुपेश सिंह इलाके के बड़े किसान हैं। पुलिस के मुताबिक, शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच संबंध अच्छे नहीं थे। अक्सर किसी न किसी बात को लेकर दोनों में लड़ाई होती रहती थी।

पति से लड़ाई के बाद घर छोड़कर जा रही थी महिला
रविवार की सुबह भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासूनी से शुरू हुआ विवाद हाथापाई में बदल गई। जिसके बाद कनकलता नाराज होकर घर छोड़कर बाहर जाने लगी। इस बीच अचानक घर में ही पति की लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली लगने से कनकलता की मौत हो गई। गोली महिला के कनपटी पर लगी है। पति का कहना है कि विवाद के बाद पत्नी ने खुद अपनी कनपटी पर गोली मारकर सुसाइड की लिया। जबकि, आसपास के लोगों ने पति पर ही पत्नी की हत्या का आरोप लगाया है।