गृहमंत्री अनिल विज का शिवसेना नेता संजय राउत पर हमला, बोले- मुंबई आपके पिता जी की है क्या?

Fashion/ Entertainment

(www.arya-tv.com)हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत के सपोर्ट में उतर आए हैं। शिवसेना नेता संजय राउत ने कंगना को धमकी दी थी। इसका जवाब देते हुए अनिल विज ने कहा है कि मुंबई किसी खानदान की नहीं है। वहां सभी को जाने का अधिकार है। उन्होंने संजय राउत से सवाल करते हुए कहा- मुंबई उनके पिता जी की है क्या?‌

एक्ट्रेस ने मुंबई को कहा था मिनी पाकिस्तान

दरअसल, कंगना रनौत और संजय राउत एक-दूसरे पर लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। कंगना ने अपने बयान में कहा था कि मुंबई से उन्हें पाकिस्तान जैसी फीलिंग आ रही है। एक्ट्रेस ने मुंबई को मिनी पाकिस्तान बताया था। कंगना के इस बयान के बाद वह काफी ट्रोल भी हो गईं थी। संजय ने कंगना को मुंबई न आने के लिए कहा था। इसका जवाब देते हुए कंगना का कहना था कि वह 9 सितंबर को मुंबई आ रहीं हैं। किसी में हिम्मत है तो रोककर दिखाए।

विज बोले- कंगना को धमकियां देने वालों पर कार्रवाई हो

इस बयानबाजी के बीच गृहमंत्री अनिल विज का कंगना के पक्ष में बयान सामने आया है। विज ने कहा है कि मुंबई भारत का हिस्सा है और कोई भी यहां आ-जा सकता है। जो लोग इस प्रकार की धमकियां देते हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। कोई किसी का गला नहीं दबा सकता, न ही किसी की आवाज को रोक सकता है।

कंगना रनौत द्वारा सरकार से सुरक्षा की मांग करने पर विज ने कहा कि सरकार को उन्हें सुरक्षा मुहैया करवानी चाहिए। विज से पहले भाजपा सांसद प्रवेश साहिब सिंह भी कंगना के पक्ष में बयान दे चुके हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि क्या किसी के पिता की जागीर है मुंबई? ये महाराष्ट्र में क्या हो रहा है?