रुद्रपुर : अपहरण और गैंगरेप के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, गुरबाज को लगी गोली, 2 गिरफ्तार

# ## National

26 जुलाई की रात्रि काशीपुर हाईवे पर युवती का अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म के अभियुक्तों की घेराबंदी करते हुए पुलिस की गोली का एक अभियुक्त शिकार हो गया,जबकि दो अभियुक्तों ने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। एसएसपी ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल से घटना की जानकारी ली।

बताते चले कि 26 जुलाई की रात्रि साढ़े ग्यारह बजे एक युवती अपने  दोस्त के साथ बाइक से रुद्रपुर की तरफ आ रही थी कि तभी एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने पीछा किया और काशीपुर फ्लाईओवर भुरारानी गेट से युवती का अपहरण किया और थाना गदरपूर के सरदारनगर मोड़ स्थित सूनसान इलाके में गैंगरेप कर डाला। पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया और अभियुक्तों की सरगर्मी से तलाश तेज कर दी। 27 जुलाई की रात्रि पुलिस को पता चला कि तीनों अभियुक्त बगवाड़ा चौकी इलाके में देखे गए है और पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। तो बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे से गोलीबारी शुरू कर दी और जवाबी कार्रवाई में गुरबाज सिंह उर्फ मानू निवासी गांव कलकत्ती फार्म गदरपुर के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया, जबकि मिलक खानम रामपुर यूपी निवासी जोगा सिंह और रविंदर सिंह ने खुद को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। सूचना मिलते ही एसएसपी अजय गणपति कुंभार ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल से वारदात की जानकारी भी ली।