मेरठ में बेटी रिया को दीवान ग्रुप लेगा गोद:बदमाशों से बचाए थे दादी के कुंडल

# ## Meerut Zone

(www.arya-tv.com) मेरठ के लालकुर्ती में बदमाशों से भिड़कर दादी के कुंडल बचाने वाली बेटी रिया को दीवान वीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस गोद लेगा। संस्थान के प्रबंधकों ने रिया की आगे की पढ़ाई का सारा खर्चा स्वयं वहन करने का फैसला लिया है।

संस्थान में शुक्रवार 30 दिसंबर को समारोह का आयोजन कर इसकी घोषणा भी की जाएगी। रिया ने बताया था मैं अपनी दादी संतोष के साथ लालकुर्ती मेरठ में चाचा के घर आई थी। हम बस से बेगमपुल पैठ पर उतरे। पैदल ही लालकुर्ती की तरफ जा रहे थे। जब हम आ रहे थे तभी वो बदमाश हमारा पीछा कर रहे थे। लेकिन, हमने ध्यान नहीं दिया। पहले वो दोनों खड़े होकर बात कर रहे थे। बाद में हमारे पीछे आ गए।

जैसे ही हम गली में मुड़े तो एक बाइक से उतरा और दादी के कानों के कुंडल झपट लिए। तब मैं उसके पीछे भागी एक कुंडल तो मेरे हाथ में आ गया। लेकिन, एक कुंडल उसके हाथ में ही चला गया और वो भाग गया। इसके कुछ देर बाद पुलिस आई। बाद में पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।”

मोदीनगर की रिया अग्रवाल पिछले दिनों मेरठ अपनी दादी संतोष अग्रवाल के यहां रिश्तेदारी में आई थी। तभी रास्ते में दो बाइक सवार बदमाशों ने रिया की दादी के कुंडल छीनने का प्रयास किया। रिया ने बहादुरी दिखाते हुए बाइक सवार का कॉलर पकड़कर उसे गिरा दिया था। बल्कि दादी का एक कुँडल भी बचा लिया था। हालांकि दोनों बदमाश भाग गए थे। लेकिन छह घंटे बाद ही थाना पुलिस ने उन बदमाशों को पकड़ लिया था। रिया की इस बहादुरी पर एसएसपी मेरठ रोहित सिंह सजवाण ने उसको सम्मानित भी किया था।

अब दीवान ग्रुप उठाएगा रिया की पढ़ाई का खर्चा

रिया के पिता की 10 साल पहले मृत्यु हो चुकी है। रिया दो बहनें हैं। परिवार में जीविकोपार्जन की समस्या है। ऐसे में मेरठ के दीवान वीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के चेयरमैन विवेक दीवान ने रिया की आगे की पढ़ाई निशुल्क कराने का फैसला लिया है। साथ ही संस्थान ने रिया को 10हजार रुपए मासिक की जॉब भी देना तय है। ताकि रिया लर्न विद अर्न के साथ काम कर सकें।

स्टेशनरी, जॉब, बस से अपडाउन की सुविधा

ग्रुप के मीडिया सलाहकार यालिश हाशमी ने बताया कि दीवान ग्रुप की सीईई श्रुति अरोड़ा रिया को गोद ले रही हैं। रिया दीवान ग्रुप के किसी भी कोर्स में निशुल्क उच्च शिक्षा हासिल करेंगी। रिया की स्टेशनरी, पढ़ाई का सारा खर्च संस्थान देगा। मोदीनगर से नियमित रुप से मेरठ आने जाने के लिए बस की सुविधा भी रिया को संस्थान द्वारा प्रदान की जा रही है। सत्र 2023 में रिया को संस्थान में ढाई लाख रुपए की फीस तक वाले कोर्स में निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा।