चौरीचौरी थने जा रही युवती के साथ सरेआम मारपीट और कपड़े फाड़े, भाभी से साथ अश्लील हरकत

Gorakhpur Zone UP

गोरखपुर।(www.arya-tv.com)  पिता व भाभी के साथ छेड़खानी की शिकायत करने रविवार को चौरीचौरा थाने जा रही युवती के साथ तीन शोहदों ने सरैया चौराहे पर सरेआम मारपीट की और कपड़े फाड़कर अर्धनग्‍न कर दिया। पिता के रोकने पर उनके साथ भी मारपीट की और सबके सामने युवती की भाभी के साथ अश्लील हरकत की। तीनों आरोपितों में दो सगे भाई हैं। सगे भाइयों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया लेकिन एक अन्य फरार हो गया। चौरीचौरा थानेदार राजू सिंह ने शोहदों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है।

शोहदों की पिटाई से युवती के पिता को सिर व आंख में गंभीर चोटें आईं हैं। स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। सरैया चौराहे पर हुई घटना से पहले दिन में ढाई बजे के आसपास गांव में खेत से लौटते समय युवती के साथ छेड़खानी हुई थी। युवती ने घर आकर इस बारे में पिता और भाभी को बताया। दोनों लोग उसे साथ लेकर चौरीचौरा थाने में तहरीर देने जा रहे थे। वह सरैया चौराहे पर पहुंचे ही थे कि पीछा करते हुए शोहदे भी आ गए और इस घटना को अंजाम दे डाला।

शोहदों की दबंगई की शिकार युवती सरेआम चौराहे पर अर्धनग्न हालत में पहुंचने के बाद किसी तरह से खुद को उनके चंगुल से मुक्त किया। फटे कपड़ों से शरीर ढंकने की कोशिश करते हुए भागकर पास की दुकान में चली गई। दुकानदार ने तुरंत अपने पास से कपड़ा देकर उसकी लाज ढकी। इस घटना से हतप्रभ और आहत युवती दुकान के अंदर बैठकर देर तक रोती रही। घायल पिता और शोहदों की ज्यादती की शिकार हुई भाभी उसे ढांढस बंधाते रहे। बाद में सरैया चौराहे से ही वे घर लौट गए।

छेड़खानी की शिकायत करने थाने जा रही युवती को शोहदों ने सरैया चौराहे पर सरेआम रोक लिया और उसके साथ वहीं अभद्रता करने लगे। विरोध पर उन्होंने उसकी पिटाई शुरू कर दी। इससे भी जी नहीं भरा तो उसके कपड़े फाड़ डाले। युवती को बचाने की कोशिश करने पर शोहदों ने उसके बुजुर्ग पिता को पीट दिया और उसकी भाभी के चेहरे पर दांत से काट लिया। इतना ही नहीं भाभी के साथ वे अश्लील हरकत करते रहे। इसी बीच पुलिस पहुंच गई और दो शोहदों को हिरासत में ले लिया। थानेदार राजू सिंह ने बताया कि युवती से छेड़खानी हुई है और उसके कपड़े फाड़े गए हैं। इस मामले में दो को हिरासत में ले लिया गया है।