भारत पहुंचे जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज:PM मोदी से मुलाकात की

# ## International

(www.arya-tv.com) जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज 2 दिन के भारत दौरे पर दिल्ली पहुंच हैं। यहां उन्होंने राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। कुछ देर बाद दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर बातचीत होगी। इसके बाद चांसलर शोल्ज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मिलेंगे। शोल्ज की इस यात्रा में दोनों देशों के बीच साथ मिलकर 6 कन्वेंशनल सबमरीन बनाने के लिए 5.2 अरब डॉलर की एक डील होगी।

2011 में दोनों देशों के बीच इंटर-गवर्नमेंटल कंसल्टेशन (IGC) की शुरुआत हुई थी। इसके बाद पहली बार कोई जर्मन चांसलर भारत आया है। शोल्ज के साथ वरिष्ठ अधिकारी और एक बिजनेस डेलिगेशन भी मौजूद है। 26 फरवरी को वो बेंगलुरु जाएंगे।

 इंटर गवर्नमेंटल कंसल्टेशन पर होगी चर्चा
शोल्ज की यात्रा दोनों देशों को 6वें इंटर गवर्नमेंटल कंसल्टेशन (IGC) के परिणामों पर चर्चा करने का मौका देगी। साथ ही इस यात्रा से भारत और जर्मनी के रक्षा सहयोग मजबूत होंगे। इसके अलावा दोनों देश साइंस एंड टेक्नोलॉजी और इकोनॉमी के क्षेत्र में अपने संबंधों को मजबूत कर सकेंगे।

G-4 देशों का हिस्सा हैं भारत-जर्मनी
विदेश मंत्रालय ने कहा कि G4 के हिस्से के तौर पर भारत और जर्मनी साथ मिलकर बहुपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर काम करते हैं। G4 देशों का एक ग्रुप है जो UN की सिक्योरिटी काउंसिल में स्थायी सीट के लिए एक-दूसरे का समर्थन करते हैं। इनमें ब्राजील, जर्मनी, भारत और जापान शामिल हैं।

भारत और जर्मनी के बीच एक मजबूत इकोनॉमिक पार्टनरशिप है। यूरोपियन यूनियन में जर्मनी भारत का सबसे बड़ा ट्रेड पार्टनर है। साथ ही जर्मनी भारत के टॉप 10 ग्लोबल ट्रेड पार्टनर में से एक है।