बाराबंकी में बवाल:विवादित स्थल पर पथराव और तोड़फोड़ में चार पुलिसकर्मी हुए घायल

UP

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में रामसनेहीघाट तहसील परिसर में विवादित स्थल के नजदीक पथराव और तोड़फोड़ के बाद फिलहाल शांति है। विवादित स्थल पर जाने से रोकने पर अराजकतत्वों ने पथराव शुरू कर दिया था, जिसमें एक दरोगा समेत चार पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।

सूचना के बाद एसपी बाराबंकी यमुना प्रसाद भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और अराजकतत्वों को हिरासत में लेकर स्थिति कंट्रोल की। घटना में घायल पुलिस कर्मियों को अस्पताल भेजा गया है। तहसील परिसर के विवादित स्थल की बाउंड्री पर प्रशासन ने नोटिस चस्पा कर किसी भी व्यक्ति के आने जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी है।

किसी भी शख्स के बलपूर्वक घुसने पर कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। प्रशासन ने 5 घंटे बाद रास्ते के आवागमन को सुचारू रूप चालू कर दिया है। विवादित स्थल पर पुलिस की टुकड़ी तैनात है। रामसनेहीघाट तहसील परिसर में पथराव और तोड़फोड़ के बाद शांति हैं।

शुक्रवार रात को हुई घटना
घटना शुक्रवार की रात करीब 8 बजे रामसनेहीघाट तहसील कार्यालय परिसर की है जहां पुलिस प्रशासन द्वारा विवादित स्थल पर आने-जाने से रोकने पर समुदाय विशेष के लोगों ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों पर जमकर पथराव कर दिया। जिसमें दरोगा सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। अराजकतत्वों ने पुलिस की बाइकें तोड़ दीं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम की भारी फोर्स ने कुछ उपद्रवियों को चुनकर जमकर धुनाई की और पूरे इलाके को सील कर दिया गया।