आसमान से बरस रही आग, राहत की उम्मीदें भी धुंधली, नौतपा से पहले ही पारा 42 डिग्री पार

# ## UP

नौतपा से पांच दिन पहले ही गर्मी ने जो प्रचंड रूप धारण कर रखा है, उसने आमजन का सुख चैन छीन लिया है। दूर दूर तक राहत की उम्मीदें भी धुंधली ही दिख रही हैं। बुधवार को पारा 42 डिग्री पार ही रहा और पसीने से नहाए लोग बस आसमान की ओर ताकते रह गए। दिन इस कदर गर्म हो चले हैं कि इसके असर से सेहत व खान पान तक नहीं बच पा रहा।

सुबह पांच बजते ही दिन का नजारा सामने आ रहा। हवाएं दिन चढ़ते ही लू का रूप ले रहीं तो सूर्यदेव की शरीर झुलसाने वाली किरणें आमजन के लिए अलर्ट जारी कर रही हैं। रोजमर्रा के कामों से निकल रहे लोग खुद का पूरा बचाव कर रहे तो हीट वेव से बचने के लिए सीधे धूप के संपर्क में आने से बचा जा रहा, इसके बावजूद प्रचंड गर्मी के तीखे तेवर बराबर कायम हैं।

बुधवार को दोपहर बाद बाजार व मार्गाें पर पसरा सन्नाटा गर्मी के प्रकोप की गवाही देता रहा। भीषण गर्मी का ही नतीजा है कि सेहत व खान पान तक इसकी चपेट में आ गया है। अपच, हाजमे व अन्य दिक्कतों से परेशान लोग अस्पताल की ओर रुख कर रहे वहीं लोग खान पान को लेकर बहुत सतर्कता बरत रहे हैं।

खासकर शीतल पेय, शरीर को ठंडा रखने वाले फल, सब्जियों का प्रयोग चरम पर है। पसीने से नहला देने वाली उमस भरी गर्मी से बिलबिलाए लोग आसमान से राहत बरसने का इंतजार तो कर रहे पर उनकी उम्मीद पूरी होती नहीं नजर आ रही। अब सभी की आस प्रकृति की कृपा पर जा टिकी है। शहर से लेकर गांव तक बस मौसम में बदलाव का बेसब्री से इंतजार हो रहा है।