(www.arya-tv.com)राजधानी लखनऊ के हसनगंज इलाके में शुक्रवार को एक पिता ने हथौड़े से अपने ही बेटे की पीट-पीट कर की हत्या कर दी। मृतक की पत्नी ने सास-ससुर और देवर पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को हिरासत में लिया है। सभी आरोपियों से पूछताछ शुरु कर दी गई है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला हसनगंज थाना क्षेत्र के लकड़मंडी का है। यहां पुरानी बांस मंडी ढाल के पास रहने वाले हलीम (40 साल) मुंबई में नौकरी करता था। कुछ दिनों से वह लखनऊ के अपने घर में ही रह रहा था। उसका पिता कल्लू से संपत्ति का विवाद चल रहा था। शुक्रवार को उसका पिता से संपत्ति को लेकर विवाद हुआ। इसी बीच कल्लू ने परिवार के अन्य सदस्यों को लेकर हलीम पर हथौड़े से हमला कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी ने कहा कि परिवार वाले उन्हें से निकालना चाहते थे। घर पर रहने देने के बदले 4-5 लाख रुपए की मांग भी परिजन कर रहे थे और इसी को लेकर विवाद में आज पति की हत्या कर दी गई।
सभी आरोपी हिरासत में लिए गए
ADCP प्राची सिंह ने बताया कि इस मामले में सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। हलीम, कल्लू का सौतेला बेटा था। दोनों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है।