ससुर ने दामाद को दहेज में देने के लिए खरीदे थे 20 सूअर, शादी से पहले हुए चोरी

Uncategorized

(www.arya-tv.com) झारखंड के पलामू में पुलिस के सामने एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। दरअसल, यहां एक शख्स के 20 सूअर चोरी कर लिए गए। ऐसे में शख्स ने चोरी किए गए सूअरों को खोज लाने की गुहार एसपी से लगाई है। इधर, पलामू एसपी संजीव कुमार ने भी मामला संज्ञान में आने के बाद कहा कि चोरी छोटी हो या बड़ी, अपराध ही है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया है कि चोरी किए गए जानवर बिहार में हैं। अब झारखंड पुलिस की टीम बिहार जाकर मामले की जांच करेगी।

एसपी के बयान के बाद मेदिनीनगर शहर थाना पुलिस भी हरकत में आ गई और लापता सूअरों को बिहार जाकर खोजने की तैयारी में है। बता दें, पीड़ित लक्ष्मी दास ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा है कि उन्हें शक है कि उनके 20 सूअर चोरी करने के बाद बिहार के शेरघाटी ले जाए गए हैं।

उन्होंने पुलिस को बताया कि मई में उनकी बेटी की शादी होने वाली है। उन्होंने शादी में दहेज देने के लिए 20 सूअर खरीदे थे, लेकिन 30 मार्च को उन्हें सूअरों का बाड़ा टूटा हुआ मिला। वहां से सभी सूअर गायब थे।

पीड़ित ने मामले में उनके पड़ोसी का हाथ होने का शक जताया है। उन्होंने कहा कि मेरे पड़ोसी टिकरा दास ने दहेज के लिए रखे सूअर चोरी करा दिए। 30 मार्च की रात उसने अपने दामाद राजा के साथ बाड़ा तोड़कर सूअर चुरा लिए। राजा बिहार के शेरघाटी का है। पीड़ित को बिहार में रहने वाले उसके रिश्तेदारों ने बताया है कि चोरी किए गए सूअर उन्होंने शेरघाटी में देखे हैं।

अब मेदिनीनगर पुलिस बिहार के शेरघाटी जाने की तैयारी में है। मामले के अनुसंधान पदाधिकारी (आईओ) सब इंस्पेक्टर नकुल शाह ने बताया कि चोरों का पता लगाने के लिए मेदिनीनगर शहर के कुछ जगहों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए हैं। अब शेरघाटी जाकर सूअरों की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा।