उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया है. यहां 18 साल की युवती पुष्पा देवी की हत्या का आरोप उसके ही लिव-इन पार्टनर 42 वर्षीय गंगासागर पर लगा है. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने हत्या के बाद मामले को दुर्घटना या आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की और पुलिस को भ्रमित करने के लिए गुमशुदगी की कहानी भी तैयार कर ली थी.
यह मामला थरियांव थाना क्षेत्र के औरेई गांव से जुड़ा है. पुलिस के अनुसार, पुष्पा देवी पिछले करीब एक साल से गंगासागर के साथ रह रही थी. गंगासागर की पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी थी और उसका एक बेटा भी उसके साथ रहता था. आरोप है कि पत्नी की मौत के बाद गंगासागर की नजदीकियां पुष्पा से बढ़ीं और दोनों ने साथ रहने का फैसला किया. बताया जा रहा है कि दोनों ने कोर्ट मैरिज भी की थी और नवंबर महीने से राधानगर थाना क्षेत्र में किराए के कमरे में रहने लगे थे.
कुछ समय पहले पुष्पा का अपने परिवार से संपर्क पूरी तरह टूट गया. बेटी की कोई खबर नहीं मिलने पर उसके परिजनों को चिंता हुई. इसके बाद उसके पिता महावीर लोधी ने राधानगर थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी लंबे समय से गंगासागर के साथ रह रही थी, लेकिन अब उससे कोई बातचीत नहीं हो पा रही है. पिता ने आशंका जताई कि बेटी के साथ कोई अनहोनी हुई है और गंगासागर ने उसकी हत्या कर शव कहीं छिपा दिया है.
पूछताछ में खुला हत्या का राज
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. पूछताछ के दौरान पुलिस को गंगासागर पर शक गहराता गया. पुलिस का दावा है कि सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली. आरोपी ने बताया कि हत्या के बाद उसने शव को तीन दिनों तक घर में छिपाकर रखा. इसके बाद उसने अपने साथियों की मदद से शव को ट्रैक्टर पर लादकर रेलवे ट्रैक के पास पहुंचाया और वहां छोड़ दिया, ताकि घटना को हादसा या आत्महत्या जैसा दिखाया जा सके.
पुलिस के मुताबिक, 29 जून को रेलवे ट्रैक पर एक युवती का शव मिला था. उस समय शव की पहचान नहीं हो सकी थी, इसलिए पुलिस ने उसे अज्ञात मानकर अंतिम संस्कार करवा दिया था. बाद में जब पुष्पा की हत्या की चर्चा गांव में शुरू हुई तो उसके पिता को रेलवे ट्रैक पर मिले शव को लेकर शक हुआ. उन्होंने पुलिस से दोबारा संपर्क किया, जिसके बाद जांच को नई दिशा मिली.
पुलिस ने खोला हत्या का राज
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया. इस मामले में मुख्य आरोपी गंगासागर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल ट्रैक्टर और बाइक भी बरामद कर ली है. वहीं, शव को ठिकाने लगाने में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है.
फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि पिता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हुआ है. पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है.
