बिन ब्याही मां थानों का काट रही चक्कर, सीमा विवाद में उलझी पुलिस

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com) लखनऊ और उन्नाव पुलिस के सीमा विवाद में एक दुष्कर्म पीड़िता न्याय के लिए दर-दर भटक रही है। 16 वर्षीय पीड़िता को उन्नाव निवासी युवक ने प्रेम-जाल में फंसाकर दुष्कर्म किया। उसके बाद शादी का झांसा देकर कई महीने तक शारीरिक शोषण करता रहा। पीड़िता ने गर्भवती होने पर शादी का दबाव बनाया तो जान से मारने की धमकी देने लगा। परिजन अपनी बिन ब्याही मां बनने वाली बेटी को न्याय दिलाने के लिए लखनऊ के बंथरा थाने व उन्नाव के हसनगंज थाने के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन सीमा विवाद के चलते मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। बंथरा निवासी पीड़िता ने परिजनों के साथ वन स्टाप सेंटर (आशा ज्योति केंद्र) के माध्यम से बाल कल्याण समिति से इस मामले की शिकायत की। आदेश पर बंथरा पुलिस ने जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की बात कही है।

 आशा ज्योति केंद्र में जाकर मांगी मदद
आशा ज्योति केंद्र की अधीक्षिका अर्चना सिंह ने बताया कि किशोरी के मुताबिक उन्नाव खानपुर सुरौली कायमपुर निवासी सूरज पड़ोसी का रिश्तेदार था। वहां आने-जाने के दौरान उसकी सूरज से दोस्ती हो गई।

सूरज ने शादी का झांसा देकर अपनी चाची के घर ले जाकर दुष्कर्म किया। इसके कुछ ही दिन बाद वह लुधियाना में एक रिश्तेदार के घर नौकरी के लिए चली गई। जहां एक धागा फैक्ट्री में नौकरी करती थी। सूरज उसी फैक्ट्री में आकर नौकरी करने लगा। साथ ही शादी का झांसा देकर महीनों शारीरिक शोषण करता रहा।

बाल कल्याण समिति ने मुकदमा दर्ज करने के आदेश  दिए

इस बीच गर्भवती होने पर सूरज पर शादी का दबाव बनाया तो उसे मारपीट करने लगा। बच्चे होने के दिन करीब आने पर घर से निकाल दिया। लखनऊ के बंथरा पहुंची किशोरी ने एक बच्चे को जन्म दिया। उसके बाद से वह सूरज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए परिजनों के साथ बंथरा थाने पहुंची तो पुलिस ने मामला उन्नाव का बताया। उन्नाव हसनगंज थाने जाने पर उन लोगों ने लखनऊ या लुधियाना जाकर मामला दर्ज कराने को कहा। इसके बाद किशोरी ने आशा ज्योति केंद्र के माध्यम से बाल कल्याण समिति से न्याय की गुहार की। बाल कल्याण समिति ने मुकदमा दर्ज करने के आदेश पुलिस को दिए।अब पुलिस कार्रवाई की बात कह रही है।