उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में साइबर क्राइम सेल ने एक फेक कॉल सेंटर पकड़ा है और पांच लोगो को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन लड़कियां भी शामिल हैं जिनकी उम्र 19 से 21 साल है। ये कॉल सेंटर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करता था। जानकारी के अनुसार, कॉल सेंटर के जरिए लोगों को अमूल, अमेजन, इंफोसिस, फ्लिपकार्ट, सुजुकी, पार्ले, सिप्ला जैसी कम्पनियों में ऑनलाइन जॉब दिलाने के नाम पर ठगी की जाती थी।
आरोपियों से की गई पूछताछ में पुलिस को पता चला ही कि ये गैंग Fresherworld.com, Shine.com से प्राइवेट नौकरी पाने की कोशिश में लगे अभ्यर्थियों का डाटा खरीदते थे, उसके बाद अपने कॉल सेन्टर से इन अभ्यर्थियों को कॉल कराते थे। जब कोई अभ्यर्थी नौकरी का इच्छुक होता है, तो उसकी कॉल किसी एक गैंग मेम्बर को ट्रान्सफर कर दी जाती थी। इसके बाद उन लोगों को अमूल, अमेजन, इन्फोसिस, फ्लिपकार्ट, मैनकाइन्ड, सुजुकी, पार्ले, सिपला जैसी कम्पनियों में अच्छी सैलरी पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया जाता था। इसके बाद उन्हें कम्पनियों के फर्जी ज्वाइनिंग लेटर, अप्रूवल लेटर, रजिस्ट्रेशन लेटर व्हॉटसप के जरिये भेजकर उनसे रजिस्ट्रेशन फीस, गेट-पास चार्ज, इन्टरव्यू चार्ज के नाम पर ठगी का पैसा फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिया जाता था।
कॉल सेंटर से क्या-क्या पकड़ा गया?
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कॉल सेन्टर में ठगी में इस्तेमाल किये जा रहे 11 की-पैड मोबाइल फोन, 02 एन्ड्रायड मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 102 वर्क डाटा शीट, 26 वर्क फर्जी ज्वाइनिंग लेटर, अप्रूवल लेटर, रजिस्ट्रेशन लेटर आदि बरामद किये हैं। कॉल सेन्टर से बरामद की-पैड मोबाइल फोनों के नम्बर , IMEI को एनसीआरपी पोर्टल पर चेक किया गया तो पाया गया कि इन मोबाइल नम्बरों/IMEI पर देशभर से ऑनलाईन कम्पलेन्ट हुयी हैं जिनमें शिकायतकर्ताओं को बड़ी कम्पनियों में ऑनलाईन जॉब दिलाने के नाम पर ठगी की गयी है।
60 से ज्यादा ऑनलाईन शिकायतें दर्ज हैं
पुलिस ने गैंग के मैनेजर जीशान खान, टीम लीडर और कॉलर सतीश पाल, कॉलर सोनाली चौरसिया,कॉलर शिवानी वर्मा और नीलू वर्मा को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कॉल सेन्टर में इस्तेमाल किये जा रहे मोबाइल नम्बर, IMEI, बैंक खातों के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में साइबर पुलिस पोर्टल पर लाखों रुपये की ठगी से जुड़े 60 से ज्यादा ऑनलाईन शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस अब इन सबसे सम्पर्क करने की कोशिश कर रही है।
