कांग्रेस नेता की नवविवाहिता बहू फंदे से लटकी मिली; मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

# ## UP

इटावा शहर के कोतवाली इलाके में मंगलवार दोपहर कांग्रेस नेता व अधिवक्ता की नवविवाहिता बहू ने संदिग्ध हालात में फंदा लगा लिया। ससुरालीजन उसके शव को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मेडिकल परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, मायके पक्ष ने ससुरालियों पर फांसी लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद अस्पताल में मायके और ससुराल पक्ष के लोगों के बीच कहासुनी भी हुई।

सुसर हिरासत में, पति और सास फरार

सूचना पर थाना सिविल लाइन और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने मृतका के ससुर को हिरासत में ले लिया है, जबकि पति और सास मौके से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

डॉक्टर ने क्या बताया?

जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम थाना कोतवाली क्षेत्र के लोधी मोहल्ला निवासी सचिन शंखवार की 23 वर्षीय पत्नी मोना शंखवार का शव ससुराल पक्ष के लोग जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टरों ने मोना का परीक्षण किया। डॉक्टरों के अनुसार मोना के गले पर फांसी लगाने जैसे निशान मिले हैं।

डॉक्टर राहुल बाबू ने बताया कि परिजन मोना नाम की महिला को लेकर अस्पताल आए थे। उनके द्वारा फांसी लगाने की जानकारी दी गई थी। मेडिकल परीक्षण के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया गया है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है।

3 महीने पहले हुई थी शादी

वहीं, मृतका के भाई शिवम ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उसकी बड़ी बहन मोना की शादी 10 मार्च 2026 को सचिन शंखवार के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग बहन को परेशान करते थे। शिवम का कहना है कि उसकी बहन की सास कांग्रेस की बड़ी नेता रही है। सास हंसमुखी शंखवार ने 2014 में इटावा लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर चुनाव भी लड़ा था। सास हंसमुखी, उसके पति और बेटा बराबर दहेज की मांग को लेकर मोना के साथ मारपीट करते थे। कल मोना की हत्या कर उसे फांसी पर लटका दिया गया।

भाई ने बताया- सुसरालवालों ने नहीं दी थी मौत की जानकारी

शिवम ने बताया कि उन्हें बहन की मौत की जानकारी नहीं दी गई और जब वह अस्पताल पहुंचे तो वहां बहन का शव मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि मोना का पति कोई काम नहीं करता था, जिसके चलते सास द्वारा उसके साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया जाता था। शिवम ने बताया कि उसके परिवार ने मोना की शादी बहुत अच्छे से की थी।

मायके में कोहराम

मृतका मोना संखवार आगरा के जैतपुर कला की रहने वाली थी। उसकी मौत की खबर मिलते ही मायके में कोहराम मच गया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।