लोहामंडी में लूट-फायरिंग करने वाला बदमाश पकड़ा:पुलिस से हुई मुठभेड़, पैर में लगी गोली

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com)  पिछले दिनों आगरा में ज्वेलर्स से दिनदहाडे़ लूट की घटना और फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले एक बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ लिया है। बदमाश के पैर में गोली लगी है। पुलिस की गोली लगते ही बदमाश ओह मम्मी… करके रोने लगा। पुलिस ने बदमाश को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया है।

दिनदहाडे़ दिया वारदात को अंजाम
आगरा के लोहा मंडी में सात दिन पहले बदमाशों ने दिनदहाडे़ ज्वेलर्स की दुकान में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पीछे करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी थी। इससे दहशत फैल गई थी। इस मामले में पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी थी। पुलिस उपायुक्त नगर विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली की लूट में शामिल एक बदमाश भागने की फिराक में है। पुलिस ने बिचपुरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत घेराबंदी कर ली। बदमाश चार पहिया वाहन से था। उसने बेरिकेडिंग तोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उस रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर चार राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इसमें बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। पकडे़ गए बदमाश का नाम सुहैल खान है।

तीन राज्यों में छह लूट की घटना
पुलिस ने बदमाश को घेर लिया। इसके बाद उसे घायल अवस्था में एसएन इमरजेंसी ले जाया गया। जहां उसका उपचार किया गया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वो पिछले दो माह में तीन राज्यों में छह लूट की वारदात को अंजाम दे चुका है। इसमें फरीदाबाद में एक व्यक्ति को गोली मारी थी। इनका तीन लोगों का गैंग हैं। लूट में शामिल दो बदमाश फरार हैं। इसके पास से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस व कार बरामद की गई है।