- लखनऊ की सीटों से चुनाव लड़ें सपा का शीर्ष नेतृत्व, जनता देगी जवाब : डॉ. राजेश्वर सिंह
- भाजपा विकास और जनविश्वास के दम पर फिर बनाएगी नया चुनावी इतिहास
लखनऊ। सरोजनी नगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने समाजवादी पार्टी की ओर से भारतीय जनता पार्टी को दी जा रही चुनावी चुनौती पर तीखा पलटवार करते हुए इसे राजनीतिक हताशा का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा का जनाधार इतना मजबूत है कि “225 तो क्या, भाजपा के दो विधायक भी अपनी सीट बदलना नहीं चाहते, क्योंकि उन्हें अपने विकास कार्यों और जनता के विश्वास पर पूरा भरोसा है।”
- ‘सपा सोशल मीडिया की पार्टी बनकर रह गई’
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी अब जमीनी राजनीति से कट चुकी है और केवल सोशल मीडिया व ट्विटर तक सीमित होकर रह गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है और कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहकर विकास और जनसेवा का कार्य कर रहे हैं।
- लखनऊ की प्रतिष्ठित सीटों से चुनाव लड़ने की चुनौती
उन्होंने कहा कि यदि समाजवादी पार्टी को अपने जनाधार पर विश्वास है तो उसका शीर्ष नेतृत्व राजधानी लखनऊ की प्रतिष्ठित विधानसभा सीटों से चुनाव लड़कर अपनी लोकप्रियता साबित करे। लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता करती है, केवल राजनीतिक बयानबाजी से जनसमर्थन नहीं मिलता।
- मोदी-योगी नेतृत्व में भाजपा लगातार मजबूत हुई
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा ने हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार, असम और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में अपनी संगठनात्मक क्षमता और जनविश्वास का परिचय दिया है।
- ‘सपा पहले अपना जनाधार बचाए’
उन्होंने कहा कि भाजपा के पास केवल चुनावी नारे नहीं, बल्कि विकास का सिद्ध रिकॉर्ड, मजबूत संगठन और जनता का अटूट विश्वास है। इसी आधार पर भाजपा उत्तर प्रदेश में अपने पिछले सभी चुनावी प्रदर्शन से बेहतर परिणाम दर्ज कर नया इतिहास रचेगी। वहीं उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को पहले अपना जनाधार बचाने पर ध्यान देना चाहिए।
