राम मंदिर चढ़ावा घोटाले पर डिंपल यादव का आया बयान, कहा – ‘दोषी कोई भी हो सब पर कार्रवाई होनी चाहिए’

# ## Lucknow

मैनपुरी से समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर राम मंदिर चढ़ावा मामले, पेपर लीक सहित अन्य मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला है। मैनपुरी पहुंचने के बाद डिंपल यादव ने राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर कहा कि यह किसी एक व्यक्ति का मामला नहीं है। इसमें जो भी दोषी हो उसके ऊपर कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं महाराष्ट्र में पेपर लीक की आशंका से पहले ही उसे रद्द किए जाने के मुद्दे पर डिंपल यादव ने कहा कि यह नया ट्रेंड हो गया है। पेपर लीक हो रहे हैं तो हो रहे हैं, सरकार कुछ नहीं कर रही है।

‘राम मंदिर चढ़ावा मामले में कई लोग शामिल’

सपा सांसद डिंपल यादव ने राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर कहा कि बात सिर्फ चंपत राय की नहीं है, इसमें कई लोग शामिल हैं और जो लोग भी दोषी हों, चाहे वह कितने भी बड़े लोग हैं, कितने भी छोटे लोग हों, उन सब पर कार्रवाई होनी चाहिए।

ताजियों की लंबाई नापने पर सरकार को घेरा

डिंपल यादव ने फिरोजाबाद एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी द्वारा ताजियों का फीता लेकर लंबाई नापने को लेकर कहा कि अब तो लंबाई और नापेंगे जब से यह अयोध्या वाली घटना घटी है। अब और लंबी-लंबी रस्सी लेकर नापेंगे फीता लेकर नापेंगे काम ही क्या है। समाज में फूट डलवाओ और देश को अपनी मनमर्जी से चलाओ। भारतीय जनता पार्टी ने पूरी तरह से आस्था के साथ खिलवाड़ किया है, देश की जनता की आस्था से उसकी श्रद्धा से खिलवाड़ किया है। हमारे धर्म में लिखा गया है कि आप किसी की भी जमीन और किसी का भी पैसा चुरा लेते हैं तो वह घोर पाप है और यहां तो भगवान श्री राम की बात हो रही है। उनके पैसे में अपने सेंधमारी की है, यह अपने आप में बहुत बड़ा कलंक है।

‘भाजपा को 10 साल लग गए विस्तार करने में’

भाजपा ने कुछ दिन पहले प्रदेश कार्यकारिणी घोषित की है। इसको लेकर डिंपल यादव ने कहा कि भाजपा को 10 साल लग गए विस्तार करने में, समाजवादी पार्टी तो पहले ही कर चुकी है। हमारे एमपी देख लीजिए, हमारे कितने ऐसे सांसद हैं जो दलित हैं, पिछड़े हैं, हमारे मुस्लिम भाई हैं तो यह विस्तार की बात 10 साल बाद या 14 साल बाद क्यों याद आई।

‘किसी पार्टी को तोड़ने का काम करना खुला भ्रष्टाचार है’

सपा सांसद डिंपल यादव ने भाजपा को घेरते हुए आगे कहा कि जिस तरह से पार्टियों में सेंधमारी की जा रही है तो यह हमें समझना होगा कि जब यह सांसद चुनकर आए थे और जिन्होंने सांसद चुनकर भेजा उन्होंने अपनी पार्टियों को वोट किया। उन्होंने भाजपा को वोट नहीं किया, उन्होंने संविधान का साथ दिया। अब यह लोग किसी पार्टी को तोड़ने का काम कर रहे हैं। यह कहीं ना कहीं संविधान को बर्बाद करने का काम कर रहे हैं और यह खुला भ्रष्टाचार है जो सबकी आंखों के सामने है।

‘अब तो नया ट्रेंड हो गया है पेपर लीक’

महाराष्ट्र में पेपर लीक होने की आशंका से पहले ही पेपर को निरस्त किए जाने के मामले पर डिंपल यादव ने कहा कि अब तो यह नया ट्रेंड हो गया है। पेपर लीक हो रहे हैं और सरकार कुछ नहीं कर रही है। जब आप हिंदू मुस्लिम के नाम पर वोट मांगोगे तो कहीं ना कहीं मेरा मानना है कि आप जो लोगों की प्रश्न करने की प्रक्रिया है तो यह आप कहीं ना कहीं खोते जा रहे हैं।