(www.arya-tv) फिरोजाबाद जिला मुख्यालय पहुंचकर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ करने के बाद वहां पर मौजूद सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को दिए सरकारी अस्पतालों की छवि बदलने के निर्देश। अभियान की जानकारी देने के साथ—साथ डॉक्टर्स को भी बोले और कहा कि कोइ परेशानी हो तो विधायक या सांसद से संपर्क करें।
प्रदेश में संचारी रोगों के नियंत्रण के लिए शनिवार से शुरू हुए अभियान का फिरोजाबाद में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने शुभारंभ करते हुए बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि डॉक्टर भगवान का दूसरा रूप माने जाते हैं। इसलिए व्यवहार अच्छा हो। उन्होंने यह भी कहा कि डॉक्टर मरीजों को भगवान मानकर उनकी सेवा करें। सरकारी अस्पतालों की छवि सुधारे।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री शनिवार दोपहर 11:45 बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन आए, वहां से कार द्वारा कलेक्ट्रेट पहुंचे यहां सबसे पहले उन्होंने संचारी रोग नियंत्रण अभियान में लगने वाले वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया इसके बाद स्वास्थ्य, प्रोबेशन और शिक्षा विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का जायजा लिया, इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मरीजों के इलाज में सरकारी अस्पताल में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए, उन्हें बेहतर इलाज दें, इमरजेंसी में पर्याप्त संसाधन रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी अस्पतालों की साफ-सफाई और मरम्मत का कार्य तत्काल कराएं ।
बीते साल फिरोजाबाद में डेंगू ने कहर बरपाया था। इसलिए सरकार की प्राथमिकता पर है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पिछले साल फिरोजाबाद और सिद्धार्थनगर में संचारी रोग रोगों के मरीज सबसे ज्यादा आए थे । इसीलिए इस बार संचारी रोग नियंत्रण अभियान में दोनो जिलों को प्राथमिकता पर रखा गया है। सिद्धार्थनगर में इस अभियान की शुरुआत स्वयं मुख्यमंत्री ने की है, वही फिरोजाबाद में वह शुभारंभ करने आए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की पूरी प्राथमिकता है कि इस बार प्रदेश में कहीं भी इस तरह के रोग न पनपने पाएं, इसके लिए अस्पतालों में संसाधन जुटाने के साथ ही साफ सफाई और जलभराव की समस्या को समय रहते दूर किया जाएगा।
अधिकारियों के साथ बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भाजपा कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात की। गले मिले, बधाइयां दीं और बातचीत की। पार्टी की शानदार जीत को कार्यकर्ताओं की मेहनत बताया। इसके बाद लखनऊ के लिए रवाना हो गए।