पंडित बृजेश कुमार मिश्रा
- सरोजनीनगर में 122 करोड़ की लागत से बना रेलवे ओवरब्रिज, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया लोकार्पण, मिलेगी जाम से निजात
- जनता के लिए खुल गया 12 मीटर लंबा 4 लेन बंगलाबाजार रेलवे ओवरब्रिज, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया लोकार्पण
- बंगलाबाजार रेलवे ओवरब्रिज की सौगात मिलने पर बोले डॉ. राजेश्वर सिंह- सबसे बेहतर कनेक्टिविटी वाला देश का एकमात्र राज्य है उत्तर प्रदेश
- सरोजनीनगर विधायक ने कहा- प्रदेशवासियों को मिल रहा डबल इंजन की सरकार का लाभ
- उत्तर प्रदेश सर्वोत्तम प्रदेश बनने की ओर अग्रसर : डॉ. राजेश्वर सिंह
(www.arya-tv.com)लखनऊ। सरोजनीनगर निरंतर प्रगति के नए आयामों को छू रहा है। विकास के पथ पर सरपट दौड़ते सरोजनीनगर को एक नई सौगात मिली। शुक्रवार को आलमनगर-उतरेठिया रेलवे लाइन के बंगला बाजार-बिजनौर मार्ग पर 4 लेन रेल ओवरब्रिज का रक्षा मंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह ने लोकार्पण किया। इसके साथ ही इस रेलवे ओवरब्रिज को आज जनता के लिए खोल दिया गया है। राजनाथ सिंह रेल ओवरब्रिज के ऊपर आधा किमी चलकर इसे जनता को सौंपा।
विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का अभिवादन किया तथा जनता को इस रेलवे ओवरब्रिज की शुभकामनाएं दी। इस ओवरब्रिज के खुलने से लोगों का आवागमन सुगम होगा, लखनऊ के लिए यह बड़ी उपलब्धि है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की प्रशंसा करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि राजनाथ सिंह की दूरदर्शिता से मॉडर्न लखनऊ की नींव पड़ी। उनके सड़क और परिवहन मंत्री रहते 23 किमी लंबे शहीद पथ के निर्माण हुआ। उनके प्रयासों से 104 किलोमीटर लंबा आउटर रिंग रोड निर्माणाधीन है जिसके संचालन होने से लखनऊ की सूरत बदल जाएगी। आगे उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह के प्रयासों से ही यूपी डिफेंस कॉरिडोर प्रोजेक्ट के अंतर्गत ब्रह्मोस मिसाइलों का उत्पादन भी वर्ष 2025 तक शुरू हो जाने की संभावना है।

डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार का लाभ प्रदेशवासियों को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश देश का एकमात्र राज्य है जहां सबसे बेहतर कनेक्टिविटी है। भाजपा सरकार में 5 एक्सप्रेस वे का निर्माण हुआ तथा 7 एक्सप्रेस वे निर्माणाधीन हैं। पांच शहरों में मेट्रो संचालित है। जल्द ही यूपी 5 अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे वाला देश का इकलौता राज्य बन जाएगा। देश के इकलौते प्रयागराज-वाराणसी-हल्दिया अंतर्देशी जलमार्ग का विकास किया गया।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था सबसे सुदृढ़ है। विदेशी कंपनियां यूपी के अलग-अलग सेक्टर में निवेश कर रही हैं। प्रदेश के निरंतर विकास का कार्य जारी है। उत्तर प्रदेश सर्वोत्तम प्रदेश बनने की ओर तीव्रता से अग्रसर है। सरोजनीनगर में विकास योजनाओं पर बात करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर में सबसे बेहतरीन चिकित्सा सुविधा, मजबूत व गढ्ढामुक्त सड़कें तथा स्कूलों को मॉडल स्कूल बनाने की दिशा में निरंतर कार्य जारी है। जल्द ही सरोजनीनगर प्रदेश का आदर्श विधानसभा के रूप में स्थापित होगा।
बता दें कि 1,181 मीटर लंबे इस रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण में लगभग 122 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इस रेलवे ओवरब्रिज की खासियत है कि यह तय समय से पहले बना है। इसका निर्माण कार्य फरवरी 2021 में शुरू हुआ था। इसे पूरा करने का लक्ष्य मार्च 2023 रखा गया था, लेकिन यह नवंबर 2022 में यानि 21 महीने में ही पूरा हो गया।
इस रेल ओवरब्रिज से शहीद पथ, ट्रांसपोर्ट नगर, बंगला बाजार, बिजनौर, कानपुर रोड, अंबेडकर विश्वविद्यालय, आशियाना की 35 लाख की जनता लाभांवित होगी। इससे एयरपोर्ट जाने के लिए कानपुर रोड पर लगने वाले भीषण जाम से मुक्ति मिलगी। साथ ही शहीद पथ, अंबेडकर विश्वविद्यालय, ट्रांसपोर्ट नगर एवं रमाबाई अंबेडकर मैदान को आने जाने वाले लोगों को सुविधा होगी तथा यातायात सुरक्षित एवं सुगम होगा।
इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, केंद्रीय शहरी कार्य मंत्री कौशल किशोर, लोकनिर्माण मंत्री जितिन प्रसाद, महापौर संयुक्ता भाटिया, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा तथा भाजपा विधायक योगेश शुक्ला, दवाकर त्रिपाठी सांसद प्रतिनिधि,के.पी. सिंह ओएसडी रक्षा मंत्री,डॉ. राघवेंद्र शुक्ला पीआरओ रक्षा मंत्री, महानगर महामंत्री त्रिलोक सिंह अधिकारी, नगर महामंत्री भाजपा पुष्कर शुक्ला, पार्षद, मंडल अध्यक्ष शिव शंकर विश्वकर्मा व पदाधिकारीयों के साथ हजारों की संख्या में नागरिक भी उपस्थित रहे।
सरोजनीनगर के सुगम आवागमन को लेकर क्षेत्रीय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह भी निरंतर प्रयासरत हैं। हाल ही में क्षेत्र के अंधपुर तथा औरावां गावों को पिपरसंड से जोड़े जाने के लिए सड़क निर्माण के डॉ. राजेश्वर सिंह की मांग को शासन से स्वीकृति मिल गई है। जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
इसके अलावा डॉ. राजेश्वर सिंह के प्रयासों के परिणामस्वरूप गोसाईगंज-बनी-मोहान मार्ग के अनूपगंज क्रॉसिंग (188 एसपीएल) पर फोर लेन ओवरब्रिज के लिए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने बजट की मंजूरी दे दी है।