- लखनऊ में तीन दिन रहेंगे राजनाथ सिंह, दीक्षांत समारोह से लेकर विकास परियोजनाओं तक कई कार्यक्रम
लखनऊ। रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह 28 से 30 अगस्त तक तीन दिवसीय लखनऊ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। उनके दौरे को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं।
- 28 अगस्त को शोकाकुल परिवारों से करेंगे मुलाकात
भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के अनुसार राजनाथ सिंह 28 अगस्त को शाम 4:30 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह सदर बाजार, न्यू गणेशगंज और महानगर क्षेत्र में शोकाकुल परिवारों से मुलाकात करेंगे। शाम 6:20 बजे कालिदास मार्ग स्थित अपने आवास पहुंचेंगे।
- बीबीएयू के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल
दौरे के दूसरे दिन 29 अगस्त को सुबह 11:30 बजे राजनाथ सिंह बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के 11वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा और विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इसके बाद दोपहर 1 बजे विशाल खंड, गोमती नगर में सीनियर सिटीजन होम भवन का उद्घाटन करेंगे।
- फ्रेगरेंस पार्क का करेंगे उद्घाटन
राजनाथ सिंह शाम 4 बजे लाजपत नगर चौराहे पर फ्रेगरेंस पार्क का उद्घाटन करेंगे। इसी दौरान लाला लाजपत राय और शहीद भगत सिंह की प्रतिमाओं का अनावरण भी किया जाएगा। इसके बाद वह अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
- 30 अगस्त को विकास परियोजनाओं की सौगात
दौरे के अंतिम दिन 30 अगस्त को सुबह 11 बजे दिलकुशा लॉन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण करेंगे। इसके साथ ही लखनऊ कैंट क्षेत्र की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा।दोपहर 12:30 बजे दुबग्गा-सीतापुर रोड बाईपास स्थित प्रेरणा स्थल के निकट रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।
- PM-SETU कार्यशाला में भी होंगे शामिल
शाम 4 बजे होटल ताज में आयोजित PM-SETU कार्यशाला में रक्षा मंत्री शामिल होंगे। इसके बाद शाम 5:25 बजे लखनऊ एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और 6:30 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। राजनाथ सिंह के तीन दिवसीय दौरे के दौरान शिक्षा, नागरिक सुविधाओं, स्मारक एवं सौंदर्यीकरण से जुड़ी कई परियोजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।
