कर्ज में डूबी किशोर बियानी सैलरी में हुई 44% की कटौती

Business

(www.arya-tv.com) कर्ज में डूबी फ्यूचर रिटेल के चेयरमैन किशोर बियानी की सैलरी में भारी गिरावट आई है। वित्त वर्ष 2020-21 के दौरान उनकी सैलरी 2.17 करोड़ रुपए रही। जबकि उसके पहले के साल में उनकी सैलरी 3.86 करोड़ रुपए थी।

कंपनी की सालाना रिपोर्ट में दी गई जानकारी
कंपनी की सालाना रिपोर्ट के अनुसार, 2020-21 में बिजनेस गतिविधियों में कोरोना की वजह से निगेटिव असर दिखा है। इससे बियानी की सालाना सैलरी में कटौती हुई है। फ्यूचर रिटेल के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) राकेश बियानी की भी सैलरी में 4.82% की कटौती हुई है। उनकी सैलरी 3.94 करोड़ रुपए से घट कर 3.75 करोड़ रुपए पर आ गई है।

डायरेक्टर्स ने नहीं ली सैलरी
रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी के नॉन एक्जिक्युटिव और इंडिपेंडेंट डायरेक्टर्स ने 2020-21 में एक भी रुपए का मेहनताना नहीं लिया है। यह फैसला डायरेक्टर्स ने अपनी मर्जी से लिया है। वित्त वर्ष 2020-21 में कंपनी में स्थाई कर्मचारियों की संख्या 30.1% घट गई है। 31 मार्च 2021 तक कुल 21,839 कर्मचारी फ्यूचर रिटेल में थे। जबकि 31 मार्च 2020 तक इनकी संख्या 31,221 थी।

31 मार्च 2021 में 6,304 करोड़ रहा रेवेन्यू
वित्त वर्ष 2020-21 में फ्यूचर रिटेल का रेवेन्यू 6,304 करोड़ रुपए रहा। एक साल पहले की तुलना में इसमें 69% की गिरावट आई है। बिजनेस आउटलुक के बारे में फ्यूचर रिटेल ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में कोरोना की दूसरी लहर के कारण बिजनेस में चुनौतियां दिखेंगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि कोरोना की वजह से काफी सारी अनिश्चितताएं दिखी हैं। इससे काफी नुकसान हुआ है। खासकर खपत सेक्टर में इसका बुरा असर दिखा है।

कई स्टोर को चलाता है फ्यूचर रिटेल
फ्यूचर रिटेल बिग बाजार, हाइपरसिटी, इजी डे क्लब और हेरिटेज फ्रेश जैसे स्टोर को चलाता है। उधर, रिलायंस रिटेल ने कहा है कि वह फ्यूचर ग्रुप की दूसरी सबसे बड़ी ग्राहक बन गई है। उसकी कुल बिक्री में फ्यूचर कंज्यूमर एक चौथाई का योगदान करती है। 2020-21 में रिलायंस इंडस्ट्रीज की रिटेल इकाई ने फ्यूचर कंज्यूमर से 157.54 करोड़ रुपए का सामान खरीदा था।

रिलायंस रिटेल की खरीदारी में 26.8% का योगदान
सालाना रिपोर्ट में रिलायंस रिटेल ने कहा है कि उसकी कुल खरीदारी में फ्यूचर कंज्यूमर का योगदान 26.8% रहा। कुल खरीदारी 586.15 करोड़ रुपए की थी। फ्यूचर कंज्यूमर को फ्यूचर एंटरप्राइज में मिला दिया गया था। 29 अगस्त 2020 को इसे रिलायंस रिटेल वेंचर्स को ट्रांसफर कर दिया गया था। इसे रिलायंस ने 24,713 करोड़ रुपए में खरीदा था।