महात्‍मा गांधी की पुण्यतिथि: स्मृति वाहन में छिपा है महात्मा गांधी का यह रहस्य

Prayagraj Zone

(www.arya-tv.com) प्रयागराज का राष्‍ट्रीय संग्रहालय अपने में इतिहास को संजोए है। इलाहाबाद राष्ट्रीय संग्रहालय में राष्‍ट्रपिता महात्‍मा गांधी से जुड़ी स्‍मृतियां भी सुरक्षित हैं। जी हां, यहां गांधी स्‍मृति वाहन भी रखा है। यह फोर्ड कंपनी का वाहन है, जिस पर महात्‍मा गांधी की अस्थियां रखकर प्रयागराज संगम तक ले जाई गई थी। अस्थियों को गंगा, यमुना के संगम में विसर्जित किया गया था।

इलाहाबाद संग्रहालय में लोगों के दर्शनार्थ रखा गया गांधी स्मृति वाहन आज रविवार को पुन: विशेष धरोहर के रूप में देखा जाएगा। ऐसा इसलिए क्योंकि आज 30 जनवरी को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि है। इस अवसर पर श्रद्धांजलि देने के लिए संग्रहालय के अधिकारी व कर्मचारी भी उक्त वाहन के पास जाएंगे और गांधी जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। संग्रहालय में पर्यटक, स्थानीय लोग भी पहुंचेंगे तो उन्हें वाहन के बारे में संग्रहालय कर्मी जानकारी देंगे।

इलाहाबाद संग्रहालय में रखे गांधी स्मृति वाहन के बारे में ऐतिहासिक तथ्य है। 12 फरवरी 1948 को महात्मा गांधी की पार्थिव अस्थियां संगम में विसर्जित करने के लिए लाई गई थीं तो फोर्ड कंपनी की इस मिनी लारी से अस्थियों को ले जाया गया था। यह लारी नगर निगम ने खरीदी थी।

इलाहाबाद संग्रहालय के निदेशक डा. अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को गांधी स्मृति वाहन के पास राष्ट्रपिता को श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। यह गांधी जी की स्मृतियों से जुड़ी अमूल्य धरोहर है। इसका अवलाेकन आम जन भी कर सकते हैं।