पीलीभीत में पेड़ से युवक का लटका मिला शव, गांव में हड़कंप

Uncategorized

बरेली (www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश के जनपद पीलीभीत के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के गांव सिमरिया अनूप के पास सोमवार की सुबह पेड़ पर युवक का शव फंदे से लटका मिलने से खलबली मच गई। मामले की जानकारी होने पर स्वजन सहित गांव के तमाम लोग मौके पर जुट गए। सुनगढ़ी थाना प्रभारी निरीक्षक तथा सीओ सिटी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की शुरुआती छानबीन के दौरान इसे आत्महत्या का मामला प्रतीत होने की बात कही जा रही है। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों की छानबीन कर रही है। घटना के संबंध में युवक के पिता की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।

थाना क्षेत्र की भिकारीपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव सिमरिया अनूप निवासी लालता प्रसाद लोधी का 19 वर्षीय पुत्र अरुण रविवार की रात करीब 10 बजे घर से बाहर चला गया था। लेकिन रात में वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह परिवार के लोगों ने अरुण की खोजबीन शुरू की। तब कुछ ग्रामीणों ने अरुण का शव गांव से करीब पौन किमी दूर गन्ने के खेत में स्थित शहतूत के पेड़ पर फंदे से लटका होने की जानकारी दी। जिससे गांव में खलबली मच गई। देखते ही देखते परिवार के लोगों के साथ साथ गांव के तमाम अन्य लोग घटना स्थल पर पहुंच गए।

मामले की सूचना मिलने पर सुनगढ़ी के थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीकांत द्विवेदी तथा सीओ सिटी सुनील दत्त शर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। अरुण का शव रस्सी के फंदे से लटका मिला है। उसकी नाक से खून बह रहा था। थाना प्रभारी निरीक्षक ने मौके पर फील्ड यूनिट को भी बुला लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक ने शुरुआती छानबीन के दौरान ये मामला आत्महत्या का होने की बात कही है।

लेकिन अभी तक आत्महत्या किए जाने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई है। अरुण की मौत से पिता लालता प्रसाद लोधी, मां सुशीला, बहन साधना, दादी कुंती देवी, चाचा राम औतार, तथा चचेरा भाई राजू का रो रोकर बुरा हाल है। मृतक अरुण खेतीबाड़ी करता था। घटना के बाबत मृतक के पिता की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।