मोका गंभीर चक्रवाती तूफान में बदला, 135 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, बांग्लादेश-म्यांमार तट की ओर जाएगा

National

(www.arya-tv.com) मोका तूफान गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने बताया कि गुरुवार शाम 5 बजकर 30 मिनट पर यह तूफान गंभीर हो गया। गुरुवार देर रात इसका केंद्र बंगाल की खाड़ी के मध्य में पोर्ट ब्लेयर से पश्चिम-उत्तरपश्चिम में 510 किमी की दूरी पर था।

मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार सुबह को तूफान की तीव्रता और बढ़ जाएगी। इस दौरान 135 किमी/प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। IMD ने तूफान के बांग्लादेश-म्यांमार तट की ओर जाने का अनुमान लगाया है।

मौसम विभाग ने मछुआरों और शिप्स को रविवार तक मध्य और उत्तरपूर्व बंगाल की खाड़ी एवं उत्तरी अंडमान सागर में ना जाने की सलाह दी है। वहां पहले से मौजूद जहाजों को तट पर लौटने के लिए कहा गया है।

मोका की वजह से त्रिपुरा और मिजोरम में शनिवार को भारी बारिश होने की संभावना है। रविवार को नगालैंड, मणिपुर और साउथ असम में कई जगहों पर बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल में NDRF की 8 टीमें और 200 बचावकर्मी तैनात किए गए हैं। 100 बचावकर्मियों को रिजर्व में रखा गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान रविवार को उत्तर-उत्तरपूर्व में मुड़ जाएगा। तूफान के बांग्लादेश के कॉक्स बाजार और म्यांमार के सित्तवे शहर के बीच लैंडफॉल करने की उम्मीद है। इस दौरान 175 किमी/घंटा की स्पीड से हवाएं चलेंगी।

इस तूफान का नाम यमन देश ने तय किया है। लाल सागर से लगे यमन के तटीय शहर मोका या मुखा ने 500 साल पहले दुनिया के सामने मोका कॉफी पेश की थी। इसी शहर के नाम पर तूफान को मोका नाम दिया गया है।