साउथ कोरिया का आरोप- हमारा वैक्सीन हैक करने की कोशिश कर रहा है नॉर्थ कोरिया

International

(www.arya-tv.com)दुनिया में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 6.12 करोड़ के पार हो गया। 4 करोड़ 23 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 14 लाख 36 हजार से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं। साउथ कोरिया ने आरोप लगाया है कि नॉर्थ कोरिया उसकी वैक्सीन कंपनियों डेटा हैक करने की कोशिश कर रहा है। इस बारे में साउथ कोरिया की पार्लियामेंट्री इंटेलिजेंस कमेटी के एक मेंबर ने जानकारी दी है। सांसद हा तेई कियुंग के मुताबिक, नेशनल इंटेलिजेंस सर्विस ने उन्हें इस बारे में विस्तार से जानकारी दी है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि किन कंपनियों को टारगेट किया गया है और इससे कितना नुकसान हुआ है। पिछले हफ्ते माइक्रोसॉफ्ट ने कहा था कि रूस और नॉर्थ कोरिया की सरकारें साउथ कोरिया, फ्रांस, भारत और अमेरिका की फार्मा और वैक्सीन कंपनियों की जानकारी चुराने में लगी हैं।

अमेरिकी अस्पतालों पर दबाव
अमेरिका में संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। यहां एक दिन में एक लाख 81 हजार 490 केस सामने आए। इसी दौरान 2 हजार 297 लोगों की मौत हो गई। यह मई के बाद एक दिन में मौतों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। अब मरने वालों का आंकड़ा 2 लाख 62 हजार से ज्यादा हो गया है। एडमिनिस्ट्रेशन की सबसे बड़ी दिक्कत अस्पतालों में भर्ती होने वालों की संख्या है। यहां 24 घंटे में 89 हजार 959 लोग देश के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हुए। प्रशासन का कहना है कि थैंक्स गिविंग डे पर लाखों लोग ट्रैवल कर रहे हैं और इसकी वजह से संक्रमण का खतरा ज्यादा होने की आशंका है। इस बारे में पहले चेतावनी भी जारी की गई थी। हालांकि, लोगों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।