कोरोना देश में: एक हफ्ते बाद नए केस फिर 50 हजार से ज्यादा

National

(www.arya-tv.com)  देश में कोरोना के आंकड़ों में मामूली बढ़त देखने को मिल रही है। एक हफ्ते बाद फिर एक बार नए केस का आंकड़ा 50 हजार के पार हो गया है। बुधवार को 50 हजार 465 मरीज मिले। इससे पहले 28 अक्टूबर को 50 हजार 188 केस आए थे। मौत का आंकड़ा भी 704 रहा। बीते 15 दिनों में यह सबसे ज्यादा है। इससे पहले 21 अक्टूबर को 701 संक्रमितों की मौत हुई थी।

देश में अब तक 83 लाख 63 हजार 412 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें से 77 लाख 10 हजार 630 मरीज ठीक हो चुके हैं। इस बीमारी से अब तक 1 लाख 24 हजार 354 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। अब 5 लाख 25 हजार 397 मरीजों का इलाज चल रहा है।

देश में अब तक 11.39 करोड़ से ज्यादा लोगों की जांच हो चुकी है। हर 10 लाख की आबादी में टेस्टिंग का आंकड़ा बढ़कर अब 81 हजार 883 हो गया है। अच्छी बात है कि देश में अब 25 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे हैं जहां इतनी ही आबादी में इससे भी ज्यादा लोगों की जांच हो रही है। इनमें 3 राज्य ऐसे हैं जहां हर 10 लाख की आबादी में दो लाख से ज्यादा, 11 राज्यों में 1 लाख से ज्यादा और 11 राज्यों में 81 हजार 883 से एक लाख तक टेस्टिंग हो रही है।

11 राज्यों में एक्टिव केस बढ़े
केरल, दिल्ली, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मणिपुर, चंडीगढ़ और लद्दाख में बुधवार को एक्टिव केस में इजाफा हुआ। सबसे ज्यादा छत्तीसगढ़ में 1003, दिल्ली में 994, तेलंगाना में 358 और केरल में 282 एक्टिव केस बढ़े।

कोरोना अपडेट्स

  • 21 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में हर 10 लाख की आबादी में 90 से कम मौतें हो रहीं हैं। ये आंकड़े नेशनल एवरेज से भी कम हैं। इनमें उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, राजस्थान भी शामिल हैं। बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
  • स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, डेथ रेट 1.57% से घटकर 1.49% रह गया है। अब तक 92.9% लोग ठीक हो चुके हैं। रिकवरी रेट में लगातार इजाफा हो रहा है। 6.42% मरीज ऐसे हैं जिनका अभी इलाज चल रहा है।
  • दिल्ली के मुख्यमंत्री ने यह मान लिया है कि देश की राजधानी में अब कोरोना की तीसरी लहर शुरू हो चुकी है। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि दिल्ली में कोरोना के केस में तेजी आई है। इसे हम कोरोना की तीसरी लहर कह सकते हैं।