दुनिया में कोरोना का खतरा:चीन में रोजाना 10 लाख केस, सरकार 4000 बता रही; श्मशानों में 20 दिन की वेटिंग

# ## International National

(www.arya-tv.com) चीन में कोरोना से हालात बदतर होते जा रहे हैं। लंदन की ग्लोबल हेल्थ इंटेलिजेंस कंपनी एयरफिनिटी का दावा है कि चीन में रोजाना 10 लाख कोरोना मरीज सामने आ रहे हैं। साथ ही 24 घंटे में 5 हजार मौतें हो रही हैं। ऐसा ही चलता रहा तो जनवरी में डेली केसेस बढ़कर 37 लाख पर पहुंच जाएंगे। वहीं, मार्च में यह आंकड़ा 42 लाख हो जाएगा।

हालांकि, चीन की ओर से आधिकारिक आंकड़ों में गुरुवार को महज 4 हजार नए मामले बताए गए। इसके पहले एयरफिनिटी ने अपने अनुमान में बताया था कि चीन में जीरो कोविड पॉलिसी खत्म होने के बाद 21 लाख मौतें हो सकती हैं। उधर, दुनिया में भी केस बढ़ रहे हैं। US में संक्रमितों का आंकड़ा 10 करोड़ के पार पहुंचा। जापान में 8 महीने में 41 बच्चों की जान जा चुकी है।

चीन के अस्पतालों में बेड कम पड़ रहे हैं। सामूहिक अंतिम संस्कार किए जा रहे हैं। इस बीच सरकार ने एक बार फिर बॉर्डर सील करना शुरू कर दिया है। युन्नान प्रांत में म्यांमार से सटे रुइली शहर में सीमा पार करने वालों पर नजर रखने के लिए कैमरे और अलार्म लगा दिए गए हैं। इतना ही नहीं मोशन सेंसर और इलेक्ट्रिफाइड फेंसिंग भी लगाई है।

2021 में भी चीन ने सीमाएं सील कर दी थीं। दूसरे देशों से गैरकानूनी तरीके से आने वाले लोगों को रोकने के लिए सीमा पर पेट्रोलिंग बढ़ा दी थी। रूस से सटे शहर हीये में कोविड के जिम्मेदार लोगों की सूचना देने पर 15 लाख का इनाम तक रखा गया था।

कोरोना से जुड़े आज के 3 बड़े अपडेट्स…

  • चीन के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि एक हफ्ते के अंदर कोरोना का पीक आने की आशंका है। इससे गंभीर मरीजों की संख्या बढ़ेगी, जिससे हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर पर भार आएगा।
  • शंघाई के एक अस्पताल ने अनुमान लगाया है कि चीन में अगले हफ्ते के आखिर तक 2.5 करोड़ लोग कोरोना से संक्रमित होंगे। एक्सपर्ट्स के अनुसार चीन में अगले साल तक 10 लाख से ज्यादा मौतें हो सकती हैं।
  • विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) का कहना है कि उसे चीन से नए कोरोना मरीजों का कोई डेटा नहीं मिला है। हेल्थ एजेंसी के मुताबिक चीनी सरकार कोरोना केसेस की गिनती नहीं कर पा रही है।