कोरोना जांच के लिए गई 158 रिपोर्ट्स में सभी निगेटिव, वहीं प्राइवेट लैब से 3 पॉजिटिव

Lucknow UP

लखीमपुर खीरी। कोरोना की जांच के लिए गई 158 रिपोर्ट में सभी निगेटिव पाई गई हैं। जबकि अन्य लैब से 3 पॉजिटिव केस प्राप्त हुए हैं। पहला पॉजिटिव तहसील गोला के ग्राम हरैया का निवासी है। जिसकी प्राइवेट लैब से पॉजिटिव रिपोर्ट प्राप्त हुई है।

दूसरा पॉजिटिव तहसील धौरहरा एवं ब्लॉक ईसानगर के ग्राम काजीपुर का निवासी है जो कीमोथेरेपी कराने हेतु लखनऊ के शताब्दी हॉस्पिटल गया था। जहां इलाज से पूर्व उसका टेस्ट कराया गया और वह पॉजिटिव पाया गया।

तीसरी पॉजिटिव गर्भवती महिला तहसील निघासन के ग्राम पोस्ट व थाना तिकुनिया की निवासी है। आज ही अपने मायके जनपद बहराइच गई थी। वहां जिला चिकित्सालय बहराइच में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस प्रकार जनपद में अब तक कुल 191 पॉजिटिव केस मिले, जिनमें उपचार के बाद 134 पॉजिटिव पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर डिस्चार्ज कर दिए गए और वर्तमान में जनपद में कुल 57 एक्टिव पॉजिटिव केस हैं।