रविवार को आगरा में भ्रमण करेगी कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा

Agra Zone

(www.arya-tv.com) कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा आगरा में शनिवार की रात आएगी। खंदौली टोल प्लाजा पर स्वागत होगा। रात्रि विश्राम के बाद रविवार को प्रतिज्ञा यात्रा आगरा छावनी, दक्षिण, ग्रामीण और खेरागढ़ विधानसभा में भ्रमण करते हुए मथुरा प्रस्थान करेगी। यात्रा के माध्यम से उप्र में सरकार बनने पर पार्टी द्वारा किए जाने वाले कार्यों की जानकारी जनता को दी जाएगी।

गुरुवार को हाेटल श्याम, किदवई पार्क में हुई प्रेसवार्ता में कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने बताया कि पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव व उप्र प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने उप्र विधानसभा चुनाव के लिए 40 फीसद टिकट महिलाओं को देेने की घोषणा की है। उत्तर प्रदेश में पार्टी की सरकार बनने पर इंटर पास छात्राओं को मोबाइल व ग्रेजुएशन कर चुकी छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी। उपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतिज्ञा यात्रा शनिवार रात खंदौली टोल प्लाजा पहुंचेगी, जहां उसका स्वागत किया जाएगा। उसके बाद वहां से वाटर वर्क्स चौराहा पहुंचेगी।

रात को यात्रा का विश्राम बालूगंज स्थित होटल ग्लोब मेरिडयान में होगा। रविवार सुबह राजेश्वर महादेव मंदिर से प्रतिज्ञा यात्रा की शुरुआत होगी। फूल सैयद चौराहा, पुरानी मंडी, आंबेडकर पार्क बिजलीघर, मंटोला, वाल्मीकि वाटिका सुभाष पार्क, रावली, प्रतापपुरा, अर्जुन नगर, धनाैली, मलपुरा, कागारौल होते हुए यात्रा मथुरा जाएगी। प्रेसवार्ता में प्रदेश महासचिव श्याम सुंदर उपाध्याय, प्रदेश सचिव विनेश सनवाल, शरद उपाध्याय नंदा, अमित सिंह, जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह मीनू, शहर अध्यक्ष देवेंद्र कुमार चिल्लू, कृष्णा तिवारी, सरोज चौहान मौजूद रहीं। पार्टी ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर उन्हें यात्रा को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारी सौंपी है।