आज लखनऊ आएगी हॉकी वर्ल्ड कप ट्रॉफी:CM योगी करेंगे रिसीव

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com) हॉकी विश्व कप की ट्रॉफी करीब 47 साल बाद सोमवार को लखनऊ आएगी। सीएम योगी आदित्यनाथ आज इसको को रिसीव करने खुद जाएंगे। दरअसल, 13 जनवरी से ओडिशा में हाकी विश्व कप की शुरुआत हो रही है।

विश्व कप शुरू होने से पहले ट्रॉफी को पूरे देश में घुमाया जा रहा है। इसी क्रम में रांची से चल कर 12 दिसंबर को यह लखनऊ आएगी। इससे पहले साल 1975 में हुए विश्व कप के दौरान यह ट्रॉफी लखनऊ आई थी। ऐसे में करीब 47 साल लखनऊ के लोग विश्व कप की ट्रॉफी को देख पाएंगे। खेल निदेशक डॉक्टर आरपी सिंह ने बताया कि यह दूसरा मौका होगा जब लखनऊ यह विश्व कप ट्राफी देखेगा।

शहर में होगा भव्य कार्यक्रम
लखनऊ के हवाई अड्‌डे पर इसको रिसीव किया जाएगा। इसके बाद एक बड़ा कार्यक्रम होगा, जिसमें खुद सीएम योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। यह विजेता ट्रॉफी को बाद में शहर के मशहूर बाबू केडी सिंह स्टेडिमय में ले जाया जाएगा। यह ट्राफी 1975 में पहली बार लखनऊ आई थी।

पाकिस्तान को हरा विश्व कप जीता था

दरअसल, साल 1975 में भारत ने हॉकी का विश्व कप जीता था। तब पाकिस्तान को फाइन में 2-1 से हराया गया था। उस समय विश्व कप मॉरिशस में हुआ था। उस कप का नेतृत्व अजीत पाल सिंह ने किया था। उनकी जीत के बाद उस समय स्पोर्ट्स काउंसिल के निदेशक केडी सिंह बाबू ने पूरी भारतीय टीम को लखनऊ बुलाया था। पूरी टीम का सेंट्रल स्टेडियम (अब केडी सिंह बाबू स्टेडियम) में सम्मान किया गया था। इसमें खिलाड़ियों को उपहार स्वरूप एक-एक स्कूटर दी गई थी।

21 दिनों के दौरे के दौरान यहां जाएगी ट्रॉफी

21 दिनों तक यह ट्रॉफी देश के विभिन्न राज्यों में जाएगी। इसमें यूपी के अलावा पश्चिम बंगाल, मणिपुर, असम, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, नई दिल्ली, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक से होते हुए 25 दिसंबर को ओडिशा पहुंचेगी। विश्व कप में मेजबान भारत, स्पेन, इंग्लैंड और वेल्स के साथ पूल डी में रखा गया है, पहले दिन स्पेन के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। आस्ट्रेलिया, बेल्जियम टीमों के अलावा नीदरलैंड, अर्जेंटीना, जर्मनी, न्यूजीलैंड, फ्रांस, कोरिया, मलेशिया, दक्षिण अफ्रीका, जापान और चिली की टीमें टूर्नामेंट में भाग लेंगी।