दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर CM ने दी श्रद्धांजलि

# ## UP

(www.arya-tv.com) पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 55वीं पुण्यतिथि पर CM योगी ने लखनऊ में उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। योगी ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति का कल्याण और विकास पंडित दीनदयाल उपाध्याय का सपना था। आज PM मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा की डबल इंजन सरकार पंडित उपाध्याय के सपनों को पूरा कर रही है।

शनिवार को लखनऊ के पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृतिका पार्क में स्थित प्रतिमा स्थल पहुंचे CM योगी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय की बात करने वाले ज्योतिपुंज थे। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति के कल्याण को राजनीतिक चिंतन का एजेंडा बनाया था। उनके इस चिंतन का आज असर दिखता है। आज एकात्म मानववाद की ताकत दुनिया देख रही है।

पहली बार मत-मजहब के भेदभाव के बिना योजना का लाभ मिल रहा
CM योगी ने कहा कि पंडित उपाध्याय के अंत्योदय के सपने को राष्ट्रोदय में बदलने का काम डबल इंजन की सरकार कर रही है। पहली बार मत, मजहब, क्षेत्र, भाषा के भेदभाव के बिना हर एक पात्र व्यक्ति को शौचालय, आवास, उज्जवला कनेक्शन मिल रहा है। बिना किसी भेदभाव के विद्युत वितरण हो रहा है। देश की 80 करोड़ जनता को मुफ्त राशन मिल रहा है। कोरोना महामारी के दौरान वैक्सीन की 220 करोड़ डोज लोगों को मुफ्त दी गईं।

आज UP में नौकरियां सिर्फ योग्यता पर दी जा रहीं
CM योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार आज जो काम कर रही है यही सपना पंडित दीनदयाल उपाध्याय का था। अपने कालखंड में उन्होंने घोषणा की थी कि जब हम सत्ता में आएंगे तो एकात्म मानववाद और अंत्योदय वास्तविक रूप में दिखेगा। यह एक राजनीतिक ऋषि का चिंतन था जिसे भाजपा सरकार ने साकार किया है। पंडित उपाध्याय की प्रेरणा और PM मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सरकार भी राज्य में अनेक लोक कल्याणकारी कार्यक्रम चला रही है। जन कल्याण के लिए प्रतिबद्धता और ईमानदारी से काम कर रही है। आज उत्तर प्रदेश में नौकरियां बिना भेदभाव, सिर्फ योग्यता के आधार पर दी जा रही हैं।

CM योगी ने कहा कि कोरोना महामारी में जब पूरी दुनिया त्रस्त थी, तब डबल इंजन की सरकार ने जनकल्याण का एक मॉडल प्रस्तुत किया। कोई महामारी समाप्त भी हो जाती है तो भुखमरी की बीमारी लेकर चली जाती है। लेकिन, डबल इंजन की सरकार ने ऐसा नहीं होने दिया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे महापुरुषों की प्रेरणा और चिंतन से कोरोना महामारी के दौरान भाजपा ने ‘सेवा ही संगठन’ का मंत्र दिया। इस मंत्र के पीछे की मंशा यह है कि हमारे लिए देश और देश की जनता ही सब कुछ है। व्यक्तिगत कुछ भी नहीं। इस चिंतन ने देश के नागरिकों में राजनीतिक विश्वास भरने का काम किया।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर, एमएलसी मुकेश शर्मा, पूर्व मंत्री आशुतोष टंडन, विधायक राजेश्वर सिंह आदि रहे।