चिराग का दावा-बिहार में LJP अगले विधानसभा चुनाव में कुल 243 सीटों पर उतरने की कर रहा तैयारी

# ## National

(www.arya-tv.com) लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) ने बिहार में नीतीश सरकार को लेकर एक बड़ा दावा किया है। चिराग पासवान गुट ने बिहार में विधानसभा के मध्यवर्ती चुनाव जल्द होने की भविष्यवाणी कर दी है। यानी NDA महागठबंधन वाली मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार गिर जाएगी। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी कृष्ण सिंह कल्लू ने अपने इस दावे को लेकर एक प्रेस रिलीज भी जारी कर दी है। बिहार में विधानसभा की 2 सीटों पर उप चुनाव होना है।

कृष्ण सिंह कल्लू ने कहा कि NDA और महागठबंधन ने इन दोनों सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए कवायद शुरू कर दी है। जबकि, LJP इन दोनों सीटों पर अकेले ही मैदान में उतरेगी। हमारी पार्टी तो राज्य के सभी 243 सीटों पर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। ऐसा इसलिए कि बिहार में मध्यवर्ती चुनाव का होना सुनिश्चित है।

ललन सिंह अपने क्षेत्र की सीट नहीं बचा पाएंगे
प्रवक्ता का कहना है कि 2 सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव में JDU को अपनी हैसियत एक बार फिर पता चल जाएगी। ये उप चुनाव मुंगेर के तारापुर और दरभंगा के कुशेश्वरस्थान सीट पर होना है। JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह मुंगेर से सांसद है। बावजूद इसके ललन सिंह अपने क्षेत्र के इस विधानसभा सीट को भी नहीं बचा पाएंगे। इससे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ-साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह को भी उनकी राजनीतिक हैसियत पता चल जाएगी।

प्रवक्ता बोले- नीतीश कुमार की जमीन खिसक चुकी है
प्रवक्ता का कहना है बिहार में नीतीश कुमार की जमीन खिसक चुकी है। नीतीश कुमार भाजपा के भरोसेमंद सहयोगी भी नहीं हैं। भाजपा चाह कर भी उनकी कोई मदद नहीं कर सकती। स्थानीय स्तर पर लोगों में बहुत नाराजगी है। जनता की इस नाराजगी का असर विधानसभा उपचुनाव में दिखेगा। कृष्ण सिंह कल्लू के अनुसार लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान भी बिहार में मध्यावधि चुनाव होने की बात पहले ही कह चुके हैं। इसलिए पार्टी 243 सीटों पर तैयारी कर रहे हैं।