बरसाना की होली में शामिल हो सकते हैं मुख्यमंत्री योगी, जानिए क्या रहेगी वजह

Agra Zone UP

आगरा(www.arya-tv.com) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 मार्च को बरसाना की होली के कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। इसे लेकर रंगोत्सव की तैयारियों का खाका तैयार किया जा रहा है। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने शनिवार को बरसाना में अधीनस्थों की बैठक ली। इसमें मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर भी तैयारियों की रूपरेखा तय की गई। हालांकि अभी आधिकारिक सूचना नहीं आई है।

बरसाना की होली को पिछले चार वर्षों से विश्व पटल पर पहुंचाने की कवायद हो रही है। इसी कवायद का नतीजा रहा कि वर्ष 2020 में बरसाना के रंगोत्सव में शामिल होने आए मुख्यमंत्री ने लठामार होली को राजकीय मेला घोषित भी किया। संभावना है कि इस बार फिर मुख्यमंत्री ब्रज की विश्व प्रसिद्ध होली में शामिल होने के लिए यहां आ सकते हैं।

बरसाना में 22 मार्च को लड्डू होली है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आ सकते हैं। यहां उत्तर प्रदेश ब्रजतीर्थ विकास परिषद द्वारा आयोजित रंगोत्सव का विधिवत उद्घाटन करेंगे। साथ ही राधारानी मंदिर में दर्शन भी करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी वृंदावन कुंभ में भी शामिल होंगे। जिला पर्यटन अधिकारी डीके शर्मा ने बताया कि रंगोत्सव 2021 के आयोजनों की रूपरेखा बनाई जा रही है। 22 और 23 मार्च को आयोजित होने वाले की कार्यक्रमों की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।