मुख्यमंत्री ने लखनऊ मण्डल के सांसदों व विधायकगणों के साथ विकास परियोजनाओं की समीक्षा की

Lucknow
(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  मण्डल के जनपद लखीमपुर खीरी, सीतापुर एवं रायबरेली के सांसदों व विधायकगणों के साथ उनके क्षेत्र में संचालित विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री जी को क्षेत्रीय जनभावनाओं से अवगत कराया। मुख्यमंत्री जी ने जनभावनाओं के अनुरूप तत्काल निर्णय के लिए अधिकारियों को निर्देशित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  ने समग्र विकास के लिए ‘रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफॉर्म’ का मंत्र दिया है। इस मंत्र को अपनी कार्ययोजना में उतारने का ही परिणाम है कि विगत साढ़े पांच वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है और प्रदेश की अर्थव्यवस्था देश में दूसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। देश-विदेश के निवेशकों के लिए सर्वश्रेष्ठ गंतव्य के रूप में उत्तर प्रदेश की पहचान है। आज देश-दुनिया के निवेशक उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए उत्साहित है। यह बदलाव देश एवं राज्य के युवाओं के स्वर्णिम भविष्य की राह बनाने वाला है।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि राज्य में आगामी 10 से 12 फरवरी को ‘यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ का आयोजन प्रस्तावित है। इस विशेष आयोजन के दृष्टिगत देश-दुनिया के निवेशकों को आमंत्रित करने गई ‘टीम यूपी’ को उद्योग जगत की ओर से 12 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। यह ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट ऐतिहासिक होने जा रही है। वर्ष 2027 तक प्रदेश को 01 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की पूर्ति में यह इन्वेस्टर्स समिट सहायक होगी।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि पिछले दिनों कुछ जनपदों ने जनपदीय इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन कर अपने जनपद में हजारों करोड़ रुपये के निवेश प्राप्त किए। ऐसे प्रयास सभी जनपदों में किये जाने चाहिए। सभी जनपदों में निवेश की सम्भावनाएं हैं। जनप्रतिनिधियों द्वारा जनपदीय इन्वेस्टर्स समिट को नेतृत्व दिया जाए। सभी सांसद एवं विधायक द्वारा अपने क्षेत्र के उद्यमियों, व्यापारियों, प्रवासीजनों से संवाद-सम्पर्क स्थापित कर, उन्हें प्रदेश सरकार की औद्योगिक एवं सेक्टोरल नीतियों की जानकारी दी जाए। जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने क्षेत्र की क्षमता का परिचय देते हुए निवेश के लिए प्रोत्साहित किया जाए। जनप्रतिनिधियों के सहयोग से यह इन्वेस्टर्स समिट नई ऊंचाइयों को छूने वाली सिद्ध होगी।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि नैमिषधाम 88 हजार ऋषियों की तपःस्थली है। नैमिषारण्य में सर्वप्रथम वैदिक सनातन संस्कृति के लेखन का कार्य हमारे मनीषियों द्वारा किया गया था। प्रदेश सरकार पवित्र तीर्थ स्थल नैमिषारण्य में पर्यटन विकास के विभिन्न कार्य करा रही है। विकास कार्यों से हर तबके के लोगों को रोजगार प्राप्त हो रहा है। राज्य सरकार ने उत्तर प्रदेश श्री नैमिषारण्यधाम तीर्थ विकास परिषद के गठन का निर्णय लिया है। शीघ्र ही जनपद सीतापुर, हवाई सेवा से जुड़ने वाला है। लखनऊ से नैमिषारण्य तक इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की प्रक्रिया प्रगति पर है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत सर्वाधिक आवास सीतापुर जनपद को प्राप्त हुए हैं। उन्होंने सीतापुर नगर में ड्रेनेज, सड़कों के निर्माण, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था तथा स्ट्रीट वेंडर के व्यवस्थित पुनर्वास के कार्यों को सम्पन्न कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि तकनीकी क्रांति के इस दौर में सोशल मीडिया, संवाद का बेहतरीन माध्यम बन कर उभरा है। सभी सांसदों एवं विधायकगणों को इस मंच का उपयोग करना चाहिए। केंद्र व राज्य सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं, औद्योगिक नीतियों, रोजगारपरक कार्यक्रमों के बारे में सकारात्मक भाव से सोशल मीडिया मंच पर अपनी राय रखनी चाहिए। जनता से सम्पर्क-संवाद बनाने में यह मंच अत्यन्त उपयोगी है।