- मुख्यमंत्री ने प्रयागराज में 3,357 करोड़ रु0 लागत की 424 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया
- मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को आवास की प्रतीकात्मक चाभी तथा स्वयं सहायता समूह की सदस्यों को प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए
- भारत की सनातन हिंदू संस्कृति में अनेक जातियां एकजुट होकर इसे मजबूत बनाने का कार्य करती, ऋषि-मुनियों ने इसे पल्लवित और पुष्पित करने का कार्य किया : मुख्यमंत्री
- प्रयागराज की धरती महर्षि वाल्मीकि और महर्षि भारद्वाज से जुड़ी पावन धरा, इस धरती पर भेदभाव और छुआछूत का स्थान नहीं
- डबल इंजन की सरकार महर्षि वाल्मीकि से जुड़े हुए लालापुर तथा संत रविदास की पावन जन्मस्थली सीरगोवर्धन के पुनरुद्धार का कार्य कर रही
- वर्ष 2025 में प्रयागराज में महाकुम्भ की तैयारी शुरू हो चुकी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रयागराज की धरती महर्षि वाल्मीकि की पावन धरती है। आदि काव्य रामायण के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि ने प्रभु श्रीराम के साथ हमारा सम्बन्ध स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री प्रयागराज में 3,357 करोड़ रुपये लागत की 424 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरान्त इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की प्रतीकात्मक चाभी तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत स्वयं सहायता समूह की सदस्यों को प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए। उन्होंने इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री श्रीमती सरोज भारतीय की पुत्री कृति का अन्नप्राशन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब संगम में कोई स्नान करता है, तो वहां कोई जाति भेद नहीं होता है। माँ गंगा संत रविदास जी की भावनाओं के अनुरूप सभी को एक समान रूप से अपना आशीर्वाद प्रदान करती हैं। प्रयागराज की धरती महर्षि वाल्मीकि और महर्षि भारद्वाज से जुड़ी पावन धरा है। इस धरती पर भेदभाव और छुआछूत का स्थान नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा रही है। अनुसूचित जाति/जनजाति के नौजवानों के लिए सरकार के स्तर पर निःशुल्क शिक्षा तथा स्कॉलरशिप की व्यवस्था है। उन्हें अभ्युदय कोचिंग से जोड़ने के कार्यक्रम चल रहे हैं।
इस अवसर पर केन्द्रीय वाणिज्य और उद्योग राज्यमंत्री सोम प्रकाश ने अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज भारत के विकास में उत्तर प्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने कहा कि आज पूरा विश्व उत्तर प्रदेश की ओर देख रहा है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, ऐतिहासिक धरोहरों को नई पहचान व नया कलेवर मिल रहा है।
समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि प्रदेश सरकार व मुख्यमंत्री जी हमेशा गरीबों के कल्याण के लिए सोचते हैं।
इस अवसर पर समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव गोंड, सांसद श्रीमती रीता बहुगुणा जोशी, श्रीमती केशरी देवी पटेल, विनोद सोनकर, रमेश चन्द्र बिंद, प्रयागराज के महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।