मुख्यमंत्री ने बलिया के विकास हेतु 129 करोड़  लागत की 35 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

Lucknow

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महिलाओें की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलम्बन सरकार का लक्ष्य है। इसे प्राप्त करने के लिए प्रदेश में महिला स्वयं सहायता समूह और बी0सी0 सखी कार्य कर रही हैं। प्रदेश पुलिस बल में 20 प्रतिशत महिला कार्मिकों की तैनाती के कार्यक्रम को सरकार ने प्राथमिकता से आगे बढ़ाया है। आने वाले समय में बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में अधिक महिला शिक्षकों की भर्ती के कार्य को आगे बढ़ाने जा रहे हैं। सरकार आधी आबादी के सम्मान और सुरक्षा पर किसी प्रकार की आंच नहीं आने देगी। उन्हें आर्थिक स्वावलम्बन की ओर अग्रसर करने के लिए डबल इंजन की सरकार लगातार कार्य कर रही हैं।

मुख्यमंत्री बलिया में विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के उपरान्त इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने जनपद बलिया के विकास हेतु 129 करोड़ रुपये लागत की 35 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री जी ने प्रधानमंत्री आवास योजना तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाभी का वितरण तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किये।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज एक नए भारत के दर्शन हमें हो रहे हैं। नये भारत में सुरक्षा, स्वाभिमान, सम्मान तथा बिना भेदभाव के शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक गांव, गरीब, नौजवान, महिला तथा समाज के हर तबके को प्राप्त हो रहा है। गरीबों के लिए शौचालय बनाएं गए हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस के निशुःल्क कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। इससे महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है। दीपावली के अवसर पर प्रदेश सरकार की ओर से प्रदेश की बहनों को एक निःशुल्क सिलेण्डर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज विकास की अनेक योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए वे यहां आए हैं। विकास में अब कोई बाधा नहीं है। कोरोना महामारी पर नियंत्रण करने के बाद आज विकास के लिए पर्याप्त धनराशि है। सड़क, बिजली, स्वास्थ्य तथा नए चिकित्सा केंद्रों की स्थापना के लिए आज यहां 130 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जा रहा है। आने वाले समय में इससे भी बड़ी परियोजनाएं यहां आने वाली है।
मुख्यमंत्री ने सभी को दीपावली और छठ पर्व की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह, अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अन्सारी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।