मुख्यमंत्री ने किसानों तथा कृषक उत्पादक संगठनों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया : चौ.चरण सिंह जयन्ती

Lucknow
  • मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री चौ.चरण सिंह की जयन्ती किसान सम्मान दिवस के अवसर पर आयोजित ‘एग्रीगेशन-एफ.पी.ओ. लीडरशिप समिट एण्ड एक्जिबिशन’ कार्यक्रम को सम्बोधित किया
  • मुख्यमंत्री ने किसानों तथा कृषक उत्पादक संगठनों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया
  • कृषक उत्पादक संगठनों के उत्पादों की प्रदर्शनी का शुभारम्भ तथा कृषि सम्बन्धी विभिन्न प्रकाशनों का विमोचन किया
  • प्रधानमंत्री ने चौ. चरण सिंह के सपनों को साकार करने तथा अन्नदाता किसानों के जीवन में व्यापक परिवर्तन लाने के लिए अनेक कार्यक्रम प्रारम्भ किये: मुख्यमंत्री
  • आजाद भारत में यह प्रथम बार हुआ जब किसान देश के राजनैतिक एजेण्डे का हिस्सा बना, ईमानदारी से योजनाएं किसानों तक पहुंचीं

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कहा कि चौधरी चरण सिंह के सपनों को साकार करने तथा अन्नदाता किसानों के जीवन में व्यापक परिवर्तन लाने के लिए उनकी आमदनी को दोगुना करने की दृष्टि से वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी जी ने सत्ता सम्भालते ही अनेक कार्यक्रम प्रारम्भ किये। इनका लक्ष्य था कि लागत कम हो व उत्पादकता बढ़े। किसानों के कल्याण के लिए देश में अनेक योजनाओं को आगे बढ़ाते हुए उनका प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया गया। आजाद भारत में यह प्रथम बार हुआ, जब किसान देश के राजनैतिक एजेण्डे का हिस्सा बना है। ईमानदारी से योजनाएं किसानों तक पहुंची हैं।

मुख्यमंत्री  पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह  की जयन्ती किसान सम्मान दिवस के अवसर पर यहां इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘एग्रीगेशन-एफ0पी0ओ0 लीडरशिप समिट एण्ड एक्जिबिशन’ कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। मुख्यमंत्री  ने चौधरी चरण सिंह जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में अच्छा कार्य करने वाले किसानों तथा एफ0पी0ओ0 को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इससे पूर्व, उन्होंने कृषक उत्पादक संगठनों (एफ0पी0ओ0) के उत्पादों की प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री जी ने कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं में कृषकों को अनुमन्य सुविधाएं, कृषि सम्बन्धी विषयों पर आधारित पत्रिका हरित कृषि तथा राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित हो रहे कृषकों की विकास यात्रा पर आधारित 03 पुस्तकों तथा कृषि विभाग, उत्तर प्रदेश की कृषि वार्षिकी-2023 का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज महान किसान नेता चौधरी चरण सिंह जी की पावन जयन्ती है। आजादी के तत्काल बाद उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया था कि अगर भारत को दुनिया की एक ताकत के रूप में उभरना है, तो हमें खेती व किसानी पर ध्यान देना होगा। भारत के विकास का मार्ग खेत व खलिहान से निकलेगा। आजाद भारत में कृषि व किसान कल्याण के लिए उनकी दूरदृष्टि आज हम सबके लिए मार्गदर्शक के रूप में है।

मुख्यमंत्री  ने कहा कि प्रदेश के गन्ना किसानों को 01 लाख 84 हजार करोड़ रुपये के गन्ना मूल्य का भुगतान किया गया है। कोरोना महामारी के दौरान भी प्रदेश की चीनी मिलों को बन्द नहीं होने दिया गया, सभी 119 चीनी मिलों का संचालन किया गया। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में नई चीनी मिलें लगायी गयी। चौधरी चरण सिंह जी की कर्मभूमि में नई चीनी मिल की स्थापना की गई। इसी तरह मुण्डेरवा तथा जनपद गोरखपुर के पिपराइच में नई चीनी मिलें लगाई गई। मोहिउद्दीनपुर तथा नजीबाबाद स्थित चीनी मिलों की क्षमता का विस्तार किया गया। आज हमारे अन्नदाता किसान प्रदेश की कृषि विकास दर को बढ़ाने में अपना योगदान दे रहे हैं तथा अपनी मेहनत तथा शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करते हुए सम्मानजनक ढंग से आगे बढ़ने का कार्य कर रहे हैं, यह एक नई स्थिति है।

इस अवसर पर उद्यान एवं कृषि विपणन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)  दिनेश प्रताप सिंह, कृषि राज्य मंत्री  बलदेव सिंह ओलख, कृषि उत्पादन आयुक्त  मनोज कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव कृषि  देवेश चतुर्वेदी, अध्यक्ष उपकार कैप्टन विकास गुप्ता, सूचना निदेशक  शिशिर एवं वरिष्ठ अधिकारीगण, विभिन्न एफ0पी0ओ0 के प्रतिनिधि तथा कृषकगण उपस्थित थे।