जेल से छूटेगा ‘बिकनी किलर’ चार्ल्स शोभराज:नेपाली सुप्रीम कोर्ट ने दिया आदेश

# ## International

(www.arya-tv.com) बिकनी किलर और सर्पेंट जैसे नामों से जाना जाने वाला कुख्यात अपराधी चार्ल्स शोभराज नेपाल में जेल से रिहा होगा। नेपाल के सुप्रीम कोर्ट ने सीरियल किलर चार्ल्स शोभराज को उम्र के आधार पर जेल से रिहा करने का आदेश दिया है। दो अमेरिकी पर्यटकों की हत्या और फर्जी पासपोर्ट के आरोप में चार्ल्स 2003 से नेपाल की जेल में सजा काट रहा है।

शोभराज पर वर्ष 1972 से 1982 के बीच भारत, थाईलैंड, नेपाल, तुर्की और ईरान में हत्या के 20 से ज्यादा आरोप लगे। शोभराज 1976 में भारत में पकड़ा गया। उसे 12 साल की सजा सुनाई गई, लेकिन वह 1986 में तिहाड़ जेल से भाग निकला।

भेष बदलने में माहिर था शोभराज

पहचान छिपाने और भेष बदलने में माहिर शोभराज पर्यटकों और युवतियों को निशाना बनाता था। पहले उनसे दोस्ती करता था। फिर ड्रग्स देकर उन्हें सुनसान इलाके में ले जाता और उनकी हत्या कर देता। फिर उनके सामान के साथ उनकी आईडी के जरिए उनकी पहचान भी चुरा लेता था।

फ्रांस के पर्यटकों को जहर देने के मामले में उसे भारत में भी सजा हुई थी। तिहाड़ जेल में सजा काटने के दौरान उसने जेल में जन्मदिन की पार्टी दी। इसमें कैदियों के साथ गार्ड भी आए। पार्टी में परोसे गए बिस्किट-फल में नींद की दवा थी। जैसे ही गार्ड और बाकी कैदी सोए वह 4 कैदियों के साथ भाग निकला।

भारतीय थे चार्ल्स के पिता

कुख्यात सीरियल किलर चार्ल्स शोभराज के पिता भारतीय और मां वियतनामी थे। पिता ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया था। वियतनाम पर फ्रांस का कब्जा होने के कारण उसे फ्रांस की नागरिकता मिल गई थी। नेपाल की जेल से रिहा होने के बाद 15 दिनों के भीतर उसे फ्रांस प्रत्यर्पित कर दिया जाएगा। 78 साल का शोभराज दिल का मरीज है। नेपाल में 70 साल से अधिक उम्र के अपराधियों की रिहाई का प्रावधान है।