लावणी संग छपेली नृत्य की मनोरम छटा बिखरी

Lucknow
  • यू पी महोत्सव में आर. बी.आई के स्टाल का शुभारम्भ

(www.arya-tv.com)लखनऊ। प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के तत्वावधान में सेक्टर ओ पोस्टल ग्राउण्ड केन्द्रीय विद्यालय के सामने अलीगंज लखनऊ में चल रहे 15वें यूपी महोत्सव-2022 की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में लावणी संग छपेली नृत्य की मनोरम छटा बिखरी।

इसके पूर्व कार्यक्रम का उद्घाटन प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह और उपाध्यक्ष एन बी सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया।
प्रदेश सरकार द्वारा प्रद्वत कोविड-19 के नियमों के तहत आजादी के अमृत महोत्सव के अन्तर्गत आयोजित यूपी महोत्सव में आज की तीसरी  सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ रुद्र महाकाल के कलाकारों ने दुर्गा स्तुति पर भाव-पूर्ण नृत्य से कर दर्शकों को भगवती देवी दुर्गा के नवों रूपों के दर्शन करवाए।
भक्ति भावना से ओतप्रोत इस प्रस्तुति के उपरान्त अर्नी वर्मा ने महाराष्ट्र के प्रसिद्ध और लोकप्रिय नृत्य लावणी की मनमोहक छटा बिखेरी। संगीत से सजे कार्यक्रम के अगले सोपानों में पर्वतीय लोक संगीत व नृत्य की बयार बही। गुलाबी सर्द शाम में रश्मि ने छपेली नृत्य को प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
संगीत से सजे कार्यक्रम के अगले प्रसून में रुद्र, ज्योति, पलक, आकाश, चन्द्रशेखर, अक्षय, लकी, सनी और सौरभ ने रासलीला के प्रस्तुतिकरण में राधा-कृष्ण के अलौकिक प्रेम को दर्शाया।
इसके पूर्व आज दिन मे आयोजित यू पी टैलेन्ट हंट की गायन प्रतियोगिता में प्रखर मिश्रा-प्रथम, ममता वर्मा-द्वितीय और यशी सोनी तृतीय स्थान पर विजयी रहीं।  प्रतियोगिता के निर्णायक थे देवेन्द्र कुमार मैगी और अभिनव सिन्हा। कार्यक्रम का संचालन सम्पूर्ण शुक्ला और अरविन्द सक्सेना ने किया।
यू पी महोत्सव में आर. बी.आई के स्टाल का शुभारम्भ 
– कटे फटे व पुराने नोट बदले
लखनऊ। यूपी महोत्सव में सोमवार को रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया के स्टाल का शुभारंभ डा. बालू केन्चप्पा (क्षेत्रीय निदेशक, आर.बी.आई लखनऊ) ने किया। इस दौरान प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद सिंह व उपाध्यक्ष एन.बी सिंह उपस्थित रहे। क्षेत्रीय निदेशक ने बताया कि स्टॉल पर लोगों को धोखाधड़ी से बचाव के तरीकों की जानकारी दी जाएगी और पुराने व कटे-फटे नोट को बदल कर नए नोट भी उपलब्ध कराए जाएंगे।