लालू के लाल पर धोखाधरी के जुर्म में हुआ केस दर्ज

# ## National

(www.arya-tv.com) पटना के कोतवाली थाना में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, उनकी बड़ी बहन मीसा भारती और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा समेत 5 नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज हो गई है। कानूनी तौर पर इन नेताओं की परेशानी बढ़ने वाली है। 6 दिन पहले कोर्ट से मिले आदेश के आधार पर बुधवार को यह कार्रवाई की गई।

दरअसल, यह पूरा मामला 5 करोड़ रुपए लेकर टिकट नहीं देने से जुड़ा है। गंभीर आरोप लगा है नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, मीसा भारती, दिवंगत कांग्रेस नेता सदानंद सिंह के बेटे शुभानंद मुकेश, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा और प्रवक्ता राजेश राठौर पर। इन सभी के खिलाफ राजधानी के कोतवाली थाने में केस दर्ज कर लिया गया है।

16 सितंबर को इसे लेकर पटना के CJM कोर्ट की तरफ से एक आदेश जारी किया गया था। कोतवाली थाना में केस संख्या 365/12 दर्ज किया गया। तेजस्वी समेत सभी नेताओं के खिलाफ एडवोकेट संजीव सिंह ने कोर्ट में कंप्लेन केस किया था। दर्ज किए गए केस में IPC की 420, 120B, 467, 468, 471, 506, 406, 499, 500, 34 के साथ ही 27 आर्म्स एक्ट की धाराएं लगाई गई है। कोतवाली थानेदार सुनील सिंह की तरफ से भी FIR दर्ज होने की पष्टि कर दी गई है। अब पुलिस इस पूरे प्रकरण की अपने स्तर से छानबीन करेगी।

दरअसल, एडवोकेट होते हुए भी संजीव सिंह खुद बिहार कांग्रेस के प्रभारी पर्यवेक्षक थे। धोखाधड़ी के इस मामले में उन्होंने 18 अगस्त 2021 को कोर्ट में एक कंप्लेन केस फाइल किया था। इन्होंने आरोप लगाया कि भागलपुर से लोकसभा का टिकट देने के एवज में 15 जनवरी 2019 को 5 करोड़ रुपए उनसे लिए गए थे। मगर, रुपए देने के बाद भी उन्हें टिकट नहीं मिला। चुनाव का वो टिकट दूसरे उम्मीदवार को दे दिया गया। जब उन्होंने आपत्ति जताई तो विधानसभा चुनाव में उन्हें 2 टिकट देने का भरोसा दिलाया गया। पर वह भी नहीं मिला। जिसके बाद कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई करते हुए 31 अगस्त 2021 को आदेश सुरक्षित कर लिया था।