प्री-पोल सर्वे से मायावती नाराज:बोलीं- BJP का वोट शेयर 40% से अधिक दिखाना हवा-हवाई

UP

(www.arya-tv.com)बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने शनिवार को लखनऊ में कहा कि कुछ चैनलों पर प्री-पोल सर्वे दिखाए जा रहे हैं। कल एक टेलीविजन चैनल ने यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव में BJP का वोट प्रतिशत पिछली बार के 40% से भी अधिक दिखाया गया। यह सर्वे हवा हवाई, शरारत से भरा और भ्रमित करने वाला ही ज्यादा लगता है। ब्राह्मण समाज बसपा के साथ है।

मायावती ने कहा, इससे इनका खास मकसद भाजपा को मजबूत दिखाते रहने से ज्यादा बसपा के लोगों का मनोबल गिराना ही लगता है। इनको मालूम होना चाहिए कि बसपा के लोग इस प्रकार के षडयंत्रों का सामना करने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। वे इस सर्वे के बहकावे में नहीं आने वाले हैं।

ब्राह्मण बसपा के साथ, लोग बहकावे में न आएं

मायावती ने कहा कि चुनाव के नजदीक आते ही भ्रामक खबरें आना शुरू हो जाती हैं। आम लोग बसपा के साथ तेजी से जुड़ रहे हैं। इससे दूसरी पार्टियों में बौखलाहट साफ नजर आ रही है। वे षड्यंत्र का सामना करने को तैयार हैं। लोग सर्वे के बहकावे में नहीं आएंगे।

सर्वसमाज को जोड़ने के लिए दूसरी पार्टियां नकल कर रही हैं। 2012 की तरह ये सभी पार्टियां अगर अंदर अंदर एक हो जाएं तो इसमे ताजुब की बात नहीं। ये भी जनता अच्छी तरह जानती है, ये सभी लोग बसपा की मजबूती के खिलाफ एकजुट हो जा सकते हैं, हमारी पार्टी के लोगों को एकसाथ एकजुट रहना होगा।

बसपा पूरे प्रदेश में कर रही ब्राह्मण सम्मेलन
बसपा प्रदेश के 18 मंडलों में ब्राह्मण सम्मेलन कर रही है। उसका मकसद साल 2017 के इतिहास को दोहराना है। दरअसल, आबादी के लिहाज से प्रदेश में लगभग 13% ब्राह्मण हैं। कई विधानसभा सीटों पर तो 20% से ज्यादा वोटर्स ब्राह्मण हैं। ऐसे में हर पार्टी की नजर इस वोट बैंक पर टिकी है। 2007 में मायावती की अगुआई में BSP ने ब्राह्मण+दलित+मुस्लिम समीकरण पर चुनाव लड़ा तो उनकी सरकार बन गई। बसपा ने इस चुनाव में 86 टिकट ब्राह्मणों को दिए थे।