सेंसेक्स पहली बार हुआ 53000 के पार, 240 पॉइंट ऊपर रिकॉर्ड हाई पर खुला था

Business

(www.arya-tv.com)घरेलू शेयर बाजार आज 240 पॉइंट ऊपर रिकॉर्ड हाई लेवल पर खुला और पहली बार 53000 के पार गया। फिलहाल, बीएसई का सेंसेक्स 53,000 पॉइंट से नीचे आ गया है, जबकि एनएसई निफ्टी 15,850 पॉइंट के करीब है। 52,574 पॉइंट पर बंद हुआ सेंसेक्स 600 पॉइंट ऊपर खुला था, जबकि 15,746 पर बंद हुए निफ्टी ने 100 पॉइंट की मजबूत शुरुआत दी थी।

आज शेयर बाजार में चौतरफा तेजी है। बड़ी कंपनियों के साथ ही छोटी और मझोली कंपनियों के शेयरों में भी खरीदारी हो रही है। निफ्टी का मिड कैप इंडेक्स लगभग एक पर्सेंट ऊपर चल रहा है। एनएसई स्मॉल कैप इंडेक्स में एक पर्सेंट से ज्यादा का उछाल है। सबसे ज्यादा उछाल निफ्टी के ऑटो इंडेक्स में आया है। सिर्फ निफ्टी फार्मा में बिकवाली का रुझान है।

वोलैटिलिटी इंडेक्स इंडिया VIX में 3% से ज्यादा की गिरावट आई है। इस इंडेक्स में गिरावट का आना, शेयर बाजार में मजबूती कायम रहने का संकेत होता है। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन इसमें 1.76% का इजाफा हुआ था।

एशियाई बाजारों में मजबूती
हांगकांग के हैंगसेंग को छोड़ ज्यादातर एशियाई बाजारों में मजबूती है। जापान के निक्केई इंडेक्स में लगभग तीन पर्सेंट का उछाल है। कोरिया के कोस्पी और चीन के शंघाई कंपोजिट में लगभग एक पर्सेंट मजबूती है। ऑस्ट्रेलिया के ऑल ऑर्डिनरी में लगभग डेढ़ पर्सेंट का उछाल है।

FII और DII डेटा
NSE पर मौजूद प्रोविजनल डेटा के मुताबिक, शुक्रवार 21 जून को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने शुद्ध रूप से 1,244 करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे। यानी उन्होंने जितने रुपए के शेयर खरीदे थे, उससे इतने ज्यादा रुपए के शेयर बेचे थे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने शुद्ध रूप से 138 करोड़ रुपए के शेयरों की खरीदारी की थी।